राजनांदगांव । राजनांदगांव ब्लाक के ड्राई जोन वाले सोमनी सेक्टर के 24 गांवों में पेयजल पहुंचाने के लिए शुरू की गई धीरी नल-जल समूह योजना सालभर में बंद पड़ गई है। बुधवार को प्रदेश कांग्रेस के संयुक्त महासचिव जितेंद्र मुदलियार ने ग्रामीणों के साथ ब्लॉक के ईरा गांव में शिवनाथ नदी एनीकट का निरीक्षण किया। धीरी नल-जल समूह योजना से ब्लॉक के 24 गांव जुड़े हैं। इन गांवों में पिछले एक सप्ताह से पेयजल सप्लाई बंद है। शिवनाथ में पेयजल तो दूर निस्तारी के लिए भी पानी नहीं है, जिससे ग्रामीण परेशान हैं। मुदलियार ने कहा कि पूर्ववर्ती भाजपा सरकार ने नल-जल समूह योजना में जो भ्रष्टाचार किया है, उसके कारण ही ब्लाक के 24 गांवों में पेयजल की पूर्ति नहीं हो पा रही है।
मुदलियार ने कहा कि करीब 24 करोड़ रूपये की राशि से बनने वाले धीरी नल-जल योजना में भारी गड़बडी की गई है। बिना प्लानिंग व तकनीकी जानकारी को दरकिनार कर प्रोजेक्ट को ईरा गांव में शिफ्ट किया गया है, जबकि यह योजना धीरी गांव के शिवनाथ नदी के लिए बनी थी। जहां पानी ही नहीं रहता और लेवल स्तर नीचे रहता है, ऐसी जगह में एनीकट का निर्माण किया गया है। इंटकवेल ऐसी जगह बनाया गया है, जो एनीकट से अधिक ऊपर है। इंटरवेल लगभग एक किलोमीटर दूर है, जबकि इंटकवेल का निर्माण नदी या बांध के उस किनारे पर होता है, जहां हमेशा पानी भरा रहता है। भ्रष्टाचार के चलते विभागीय अधिकारी व भाजपा के ठेकेदारों की मिलीभगत कर 24 गांवों के लोगों को पेयजल व निस्तारी की समस्या सौंप दी है।
मुख्यमंत्री से होगी शिकायत
मुदलियार ने कहा कि धीरी नल-जल समूह योजना में पूर्ववर्ती सरकार ने जमकर भ्रष्चाचार किया है। गुणवत्ता विहीन कार्य की शिकायत मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से करेंगे। इसकी जांच आर्थिक अपराध ब्यूरो के माध्यम से कराने की मांग की जाएगी। इस मौके पर जनपद उपाध्यक्ष रोहित चन्द्राकर, प्रेम रूचंदानी, चेतन भानुशाली, अमित कुशवाहा, राजीक सोलंकी, सभापति जनपद पंचायत टेकूराम साहू, ईरा सरपंच सोहद्रा साहू, धीरी सरपंच मोरजध्वज साव, भर्रेगांव के पूर्व सरपंच दिलीप चंद्राकर, जैमन, संजय चंद्राकर, पूरन साहू, प्रदीप साहू ,गजेंद्र सिंह, मयंक सिंह, राम प्रसाद साहू ,पोशन सिन्हा, श्यामलाल, विक्की साहू उपस्थित थे।
