राजनांदगांव । महाशिवरात्रि के एक दिन पूर्व संस्कारधानी महाकाल मित्र मंडल शहर में बुधवार को बाबा महाकाल की शोभायात्रा निकालेगा। शोभायात्रा सुबह 11 बजे शहर के गुरुद्वारा चौक से निकलेगी, जिसमें बाबा महाकाल की आठ फीट ऊंची मूर्ति वाली झांकी आकर्षण का केंद्र रहेगी। बड़ी बात यह है कि महाकाल की आठ फीट की मूर्ति के साथ भगवान श्रीराम की मूर्ति भी है। झांकी में भगवान श्रीराम को बाबा महाकाल की आरती करते दिखाया गया है। झांकी में 14 फीट ऊंची आर्च है। गुरुद्वारा से शहर के सभी मुख्य मार्गों का भ्रमण शोभायात्रा करेगी। इसमें एक बात और खास है कि शोभायात्रा में 11 पंडित शंखनाद करते हुए बाबा की सवारी का मंत्रोच्चार के साथ अगुवाई करेंगे। शोभायात्रा में बच्चे भी शामिल होंगे।
महाकाल की शोभायात्रा को आकर्षक बनाने के लिए समिति ने बच्चों के लिए महाकाल की वेशभूषा विषय में प्रतिस्पर्धा भी रखी है। जिनकी वेशभूषा अच्छी होगी, ऐसे तीन बच्चों को समिति द्वारा नकद पुरस्कार दिया जाएगा।
इन मार्गों से गुजरेगी महाकाल की शोभायात्रा : संस्कारधानी महाकाल मित्र मंडल के अध्यक्ष निखिल द्विवेदी ने कहा कि शोभायात्रा की शुरुआत गुरुद्वारा चौक से गणेश मंदिर में महाआरती कर शुरू होगी। फिर शहर के मानव मंदिर चौक से दुर्गा चौक, बसंतपुर थाना होते हुए भारत माता चौक, तिरंगा चौक तिरंगा चौक से रामाधीन मार्ग, सुरजन गली होते हुए कामठी लाइन, सिनेमा लाइन से मानाव मंदिर चौक और वहां से जयस्तंभ चौक पहुंचेगी। जयस्तंभ चौक पर महाआरती के बाद प्रसाद वितरण कर यात्रा का समापन होगा।बाबा महाकाल की शोभायात्रा में तीन डीजे, दो धुमाल, बघ्घी, राउत नाचा, घोड़े, नंदी, छत्तीसगढ़ी पारंपरिक पंथी नृत्य, आदिवासी नृत्य, रामधुनी, भजन और जबलपुर की टीम विशेष रूप से शामिल होगी। जबलपुर की विशेष प्रस्तुति में भूत-प्रेत, औघड़ बाबा कर इस सवारी में घोड़ा, हाथी-मोर सभी रहेंगे। शोभायात्रा का शहर में कई जगहों पर स्वागत होगा, वहीं इन जगहों पर जलपान की व्यवस्था तक रखी गई है। इसके अलावा बच्चों के लिए वेशभूषा प्रतियोगिता रखी गई है, जिसमें दस वर्ष से कम उम्र के बच्चे बाबा महाकाल का रूप धारण कर प्रतियोगिता में भाग ले सकते हैं। प्रतिभागी बच्चों में से तीन बच्चों को नकद 5100 रुपये, तीन हजार एक सौ रुपये और तीसरे बच्चे को दो हजार एक सौ रुपये दिया जाएगा।
लखोली रिषेश्वर महादेव
मंदिर में रुद्राभिषेक
शहर के लखोली वार्ड में रिषेश्वर महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि के दिन विशेष रुद्राभिषेक होगा। पंडित अभिषेक कृष्ण शास्त्री ने बताया कि दूध, जल, मधु, घी व शक्कर से अभिषेक किया जाएगा। इसके लिए यजमान किशन खंडेलवाल व पुरुषोत्तम खंडेलवाल सपरिवार शामिल होंगे। रुद्राभिषेक शाम चार बजे से रात आठ बजे तक होगा।
