राजनांदगांव जयपुर । विश्व बंधुत्व एवं एकता के लिए समरसता को वैश्विक मंच पर स्थापित करने वाले संगठन ‘अंतरराष्ट्रीय समरस्ता मंच’ द्वारा करगिल विजय दिवस के अवसर पर 26 जुलाई 2025 को राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक भव्य रोटरी क्लब समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर 25 राष्ट्रों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में आयुर्वेदिक चिकित्सक एवं आरोग्य भारती के प्रतिष्ठित सदस्य शिव शंकर जोशी को ‘विजय अवॉर्ड 2025’ से सम्मानित किया जाएगा।
अंतरराष्ट्रीय समरस्ता मंच के प्रमुख सलाहकार डॉ. कुंदनलाल प्रसाद शर्मा (एडवोकेट, राजस्थान उच्च न्यायालय) ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्यक्रम उन महान व्यक्तित्वों को सम्मानित करने के लिए आयोजित किया जा रहा है, जिन्होंने समाज सेवा, शिक्षा, चिकित्सा, न्याय, प्रशासनिक और सांस्कृतिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
छत्तीसगढ़ के चोदरीपारा, राजनांदगांव में कार्यरत शिव शंकर जोशी को उनके आयुर्वेदिक चिकित्सा और सेवा कार्यों के लिए इस सम्मान हेतु चयनित किया गया है। वे लंबे समय से समाज के पिछड़े वर्गों के लिए नि:शुल्क चिकित्सा सेवा प्रदान कर रहे हैं।
समारोह में जोशी “विजय” विषय पर प्रस्तुतिकरण भी देंगे। चयन समिति सदस्य एडवोकेट एन. के. पांडे ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य विश्व बंधुत्व एवं शांति के संदेश को फैलाना है।
कार्यक्रम में कुल 527 लोगों द्वारा करगिल युद्ध में शहीद हुए सैनिकों को श्रद्धांजलि दी जाएगी। साथ ही 75 प्रतिष्ठित लोगों को भी “विजय अवॉर्ड” से नवाज़ा जाएगा।
कार्यक्रम के प्रमुख अतिथि के रूप में कई गणमान्य हस्तियाँ उपस्थित रहेंगी।
