गंडई। टिकरीपारा गंडई की 40 वर्षीय लक्ष्मी देवांगन से मारपीट कर उनके गहनों को लूटने वाले दो आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। दोनों ही आरोपित गंडई के ही रहने वाले हैं। लूट की घटना के दौरान लक्ष्मी ने दोनों आरोपितों को पहचान लिया था, जिसके आधार पर गंडई पुलिस ने आरोपितों की गिरफ्तारी की। हालांकि लूट की घटना के बाद एक आरोपित फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने दुर्ग के कसारीडीह से गिरफ्तार किया।
घटना बीते बुधवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे की है। जब लक्ष्मी काम नहीं लगने पर नरोधी स्थित एबीस पोल्ट्री फार्म से पैदल ही घर लौट रही थी। तभी पोल्ट्री फार्म में ही काम करने वाले गंडई कोपेभाठा वार्ड पांच निवासी 28 वर्षीय रोशन पिता तीरथ नेताम और वार्ड नौ निवासी 29 वर्षीय पीर अली पिता जाकिर अली ने सूनसान रास्ता देख रास्ते में लक्ष्मी को रोका और मारपीट कर उसके गहने निकालने लगे।
लक्ष्मी ने आवाज लगाने की कोशिश की तो आरोपितों ने मुंह दबा दिया। जिससे वो वहीं अचेत होकर गिर गई। लक्ष्मी को जैसे ही होश आया वो पहले अपने घर गई। इसके बाद शाम करीब साढ़े सात बजे गंडई थाना पहुंचकर लूट होने की रिपोर्ट दर्ज कराई।
लक्ष्मी ने आरोपितों के नाम भी बताए। जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपितों की पता-तलाश शुरू की और गुरुवार सुबह कोपेभाठा गंडई से ही आरोपित रोशन नेताम को गिरफ्तार किया। दूसरा आरोपित पीर अली फरार था। जिसका लोकेशन ट्रेस कर उसे दुर्ग के कसारीडीह में पुलिस ने दबोचा। दोनों आरोपितों के पास से पुलिस ने महिला से लूटे तीन सोने का लाकेट, नथली, चांदी के पायल बरामद किए। आरोपितों ने जुर्म भी स्वीकार किया, जिसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपितों को जेल भेज दिया है।
