राजनांदगांव। दिग्विजय स्टेडियम में घास को सींचने अमृत मिशन के तहत बिछाई गई पाइपलाइन दो जगहों से हफ्तेभर से फूटी हुई है। वहां से 24 घंटे पानी व्यर्थ बह रहा है। इससे स्टेडियम परिसर के सामने व साइड वाली सड़क में लबालब पानी भरा हुआ है। पानी स्टेडियम के अंदर मैदान तक भी पहुंच रहा है। नगर निगम व स्टेडियम समिति की इस अनदेखी से पानी तो बर्बाद हो ही रहा, अभ्यास करने पहुंच रहे खिलाड़ियों को भी परेशानी हो रही है।गर्मी के दिनों में हर वर्ष भीषण पेयजल संकट झेलने वाले इस शहर में पानी की बर्बादी कोई नई बात नहीं है। शहर के कई स्थानों में इसी तरह की स्थिति देखी जा सकती है। आश्चर्य की बात यह है कि स्टेडियम के दो हिस्सों में जिन जगहों पर पाइपलाइन फूटने से सड़क पर पानी जमा है, वहां निरंतर पानी बह रहा है। बास्केटबाल मैदान के पास पाइपलाइन पहले फूटी। बाद में जिम जाने वाले रास्ते की तरफ पाइप में लीकेज आया। वहां सुबह-शाम कई जिम्मेदार जनप्रतिनिधि व अधिकारी आते-जाते हैं। इसके बाद भी पानी की बर्बादी रोकने किसी ने पहल नहींं की।
कोई झांंकने नहीं पहुंचा
अमृत मिशन के तहत स्टेडियम में कुल चार नल कनेक्शन लगाए जाने हैं। तीन जगहों पर मेन लाइन से कनेक्शन कर दिया गया है। एक जगह मेन लाइन को ऐसे ही छोड़ दिया गया है। फूटी वाली जगह के अलावा छूटी वाली जगह से भी पानी व्यर्थ बह रहा है। इसे रोकने के लिए स्टेडियम समिति ने कोई पहल नहीं की। नगर निगम प्रशासन की तरफ से भी वहां कोई झांकने नहीं पहुंचा।
अभ्यास करने वाले परेशान
स्टेडियम में हर दिन सुबह-शाम विभिन्ना खेलों के साथ जिम करने वाले भी आते-जाते हैं। रास्ते में पानी भरे होने से उन्हें परेशानी हो रही है। उनकी तरफ से शिकायत भी की गई, लेकिन कोई सूनने को ही तैयार नहीं। स्टेडियम के कर्मचारी भी आंखें मूंदे बैठे हैं। स्टेडियम परिसर में ही साई का ट्रेनिंग सेंटर है। वहां के खिलाड़ी भी परेशान हो रहे हैं।
—
कनेक्शन छूट गया है
स्टेडियम के लिए चार नल कनेक्शन मांगे गए हैं। तीन जगह पर काम हो चुका है। चौथी जगह का कनेक्शन नहीं हो पाया है। नल खुलने पर सुबह-शाम वहीं से पानी बहता है। जल्द ही इसे ठीक करा लिया जाएगा।
अशोक मेहरा, मैनेजर, स्टेडियम कमेटी
