राजनांदगांव। सोमनी से लगे ग्राम बघेरा में गांव के पास ही रेलवे ट्रैक पर एक आठ साल की मासूम बच्ची की लाश मिली। क्षत-विक्षित लाश मिलने पर पुलिस
हादसा बता रही है, लेकिन ग्रामीण व स्वजन मासूम की हत्या का संदेह जता रहे हैं। सोमनी पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना रविवार की रात की बताई गई है। इसकी सूचना सोमनी पुलिस को दूसरे दिन मिली। सूचना मिलते ही पुलिस घटना स्थल पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बताया गया कि गांव में जसगीत का कार्यक्रम हो रहा था। सुभाष मानिकपुरी की आठ वर्षीय बेटी उन्नाति भी जसगीत देखने गई थी। वह देर रात तक जब घर नहीं आयी तो स्वजन घबरा गए।
परिवार के लोगों ने कार्यक्रम स्थल के साथ गांव में उसकी खोजबीन की। उन्नाति की सहेलियों से भी पतासाजी की, लेकिन कहीं पता नहीं चला। रातभर स्वजन उन्नाति की चिंता में डूबे रहे। दूसरे दिन सोमवार की सुबह उन्नाति की लाश गांव से लगी रेलवे पटरी पर मिली। यह देख उन्नाति के स्वजन सहम गए। सूचना मिलते ही सोमनी पुलिस बघेरा पहुंची।
सवाल यह है कि उन्नाति जसगीत कार्यक्रम देखने गई थी तो रेलवे पटरी की ओर क्यों गई? उसके साथ और कोई था या अकेली थी। पुलिस के पास भी इन सवालों का जवाब नहीं है। सोमनी थाना प्रभारी शिवेंद्र राजपूत ने बताया कि मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है।
हो सकता है पटरी पार करते समय बच्ची ट्रेन के सामने आ गई हो। जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि मामला हत्या का है या फिर हादसा।
