राजनांदगांव । कोरोना संक्रमण के बचाव के लिए अब हमें भी टीका लगना शुरू हो गया है। सोमवार से जिले में इसकी शुरुआत हो चुकी है। टीकाकरण के दूसरे चरण के पहले दिन 167 लोगों ने पंजीयन कराकर कोरोना से दूर रहने टीका लगवाया। इसमें 95 लोगों ने मेडिकल कालेज में और 72 लोगों ने शहर के चिन्हित तीन निजी अस्पतालों में वैक्सीन लगाया। टीकाकरण के दूसरे चरण में 60 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों के साथ 45 से 59 वर्ष के ऐसे लोगों को टीका लगाया जा रहा है, जो गंभीर बीमारी से ग्रसित हैं। सीएमएचओ डा. मिथलेश चौधरी ने बताया कि शहर के समता वृद्धाश्रम से 23 बुजुर्गों को मेडिकल कालेज अस्पताल में टीका लगवाया। शहर के पेंड्री स्थित मेडिकल कालेज अस्पताल के अलावा शहर के 19 निजी अस्पतालों का चयन किया गया है। लेकिन वर्तमान में मेडिकल कालेज अस्पताल के साथ तीन निजी अस्पतालों में टीका लग रहा है।
मेडिकल कालेज अस्पताल में निश्शुल्क टीकाकरण और निजी अस्पताल यूनाइटेड हास्पिटल, क्रिश्चियन हास्पिटल व छग इएनटी हास्पिटल में ढाई सौ रुपये शुल्क लेकर टीका लगाया जा
रहा है।
आज से शंकरपुर में भी वैक्सीनेशन : सीएमएचओ डा. मिथलेश चौधरी ने कहा कि मंगलवार से शहर के शंकरपुर स्थित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भी वैक्सीनेशन की शुरुआत की जाएगी। यहां भी निश्शुल्क टीकाकरण होगा। उन्होंने कहा कि टीकाकरण के लिए लोग अपने साथ आधार कार्ड या अन्य पहचान पत्र जरूर लाए। अपने मोबाइल फोन पर आरोग्य सेतू एप या शासन द्वारा जारी इंटरनेट वेबसाइट के जरिये टीकाकरण के लिए पहले पंजीयन करा लें। रजिस्ट्रेशन के बाद भी लोगों को टीका लगेगा।
