बाजार अतरिया। बच्चों में छुपी हुई प्रतिभा को उभारने के लिए सीएससी ई गवर्नेंस सर्विस इंडिया लिमिटेड इलेक्ट्रानिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय भारत सरकार द्वारा ओलंपियाड 2020 का आयोजन किया गया। ओलंपियाड में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि शिक्षामंत्री डा. प्रेमसाय सिंह टोकाम थे। पुरस्कार वितरण समारोह राजनांदगांव जिले से खैरागढ़ ब्लाक के अंतर्गत मदनपुर बाजार अतरिया से राजेंद्र वर्मा को केमिस्ट्री में आल इंडिया लेवल में तीसरी रैंक प्राप्त हुई। देवांश सोनी जांजगीर चांपा, साखी कौर खालसा धमतरी, खुशी हलदर कांकेर, दिव्यांश साहू गरियाबंद, सौम्या वर्मा दुर्ग, देवांशु देवांगन रायपुर, चिराग गर्ग बलरामपुर और ऋषभ त्रिपाठी को शिक्षा मंत्री के द्वारा पुरस्कृत किया गया।समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री टेकाम ने कहा कि कोरोना काल में बच्चों में पढ़ाई के प्रति रुझान को बनाए रखने के साथ ही साथ उनमें स्वास्थ्य प्रतिस्पर्धा का विकास करने के लिए सीएससी द्वारा आनलाइन डिजिटल ओलंपियाड का आयोजन किया गया, जो कि एक सराहनीय प्रयास है। डिजिटल ओलंपियाड आज की जरूरत है। इससे विद्यार्थी अपने घर पर ही स्वयं से या निकटवर्ती सीएससी अथवा लोक सेवा केंद्र में जाकर अपना पंजीयन करा सकते हैं। तैयारी के लिए पाठ्यक्रम के अनुरूप आनलाइन पठन सामग्री भी उपलब्ध होती है। सीएससी द्वारा आयोजित ओलंपियाड विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने का एक उत्तम माध्यम है। इसमें भाग लेकर विद्यार्थी न केवल अपनी क्षमता का विकास करते हैं अपितु राष्ट्रीय स्तर पर अपनी तैयारी के स्तर का भी आकलन कर पाते हैं।छत्तीसगढ़ के 11 हजार बच्चों ने लिया था हिस्साः सीएससी गवर्नेंस सर्विस इंडिया लिमिटेड के राज्य प्रमुख मदन मोहन राउत ने बताया कि सीएससी द्वारा कक्षा तीन से कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए विविध विषय जैसे हिंदी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान, भौतिकी, रसायन आदि पर ओलंपियाड का आयोजन किया गया। इसमें पूरे देश से दो लाख चार हजार बच्चों ने भाग लिया । छत्तीसगढ़ से 11 हजार बच्चों ने अपनी सहभागिता निभाई। छग राज्य के हिस्से में कुल 10 पुरस्कार आए हैं, जो देश के अन्य विकसित राज्यों जैसे गुजरात, तमिलनाडु, कर्नाटक, मध्यप्रदेश की तुलना में अधिक है।
