डोंगरगढ़ . नेहरू महाविद्यालय में भूतपूर्व छात्र-छात्राओं एवं जनभागीदारी समिति बैठक हुई। बैठक में नैक के मूल्यांकन को लेकर रणनीति बनाई गई। मुख्य अतिथि जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष व जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष नवाज खान थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में ब्लाक अध्यक्ष संजीव गोमास्ता, पार्षद अलका जयेश सहारे, तजिंदर सिंह भाटिया, कमला देवी राठी महिला महाविद्यालय की सहायक प्राध्यापिका डा.आबिदा खान उपस्थित रहीं। प्राचार्य डा. केएल टांडेकर ने कहा कि महाविद्यालय के विकास में भूतपूर्व छात्र-छात्राओं की अहम भूमिका है।
महाविद्यालय के संस्थापक मंडल ने शहर एवं विकासखंड के ग्रामीण अंचल के छात्र-छात्राओं का भविष्य संवारने के उद्देश्य से सन 1964 में इस महाविद्यालय की स्थापना की थी। इस संस्थापक मंडल में तत्कालीन नगर पालिका अध्यक्ष शिवदेव सिंह, अग्रवाल समाज अध्यक्ष केदारमलजी अग्रवाल, शिक्षा मंडल एवं जैन समाज अध्यक्ष सेठ सिंघई भागचंद जैन, सिख समाज अध्यक्ष एवं मानसेवी प्राचार्य नेहरू महाविद्यालय डोंगरगढ़ जोतसिंह, सेठ मुसदी लाल अग्रवाल शामिल थे। संस्थापक मंडल और अन्य नागरिकों के अथक प्रयास से शहर में एक निजी महाविद्यालय के रूप में इसकी स्थपना की और सन 1974 में इसे शासनाधीन किया गया। स्थापना से लेकर अब तक महाविद्यालय में उतरोत्तर विकास हुआ।
महाविद्यालय के जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष नवाज ने विकास के लिए एलुमिनी एसोसिएशन को 21 हजार रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय के विकास में एलुमिनी सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका है। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष एवं एलुमिनी एसोसिएशन के अध्यक्ष धीरज मेश्राम ने कहा कि महाविद्यालय से शिक्षा प्राप्त कर हमने अपना विकास किया, लेकिन महाविद्यालय के विकास के लिए नहीं सोचा। हमें महाविद्यालय का कर्ज उतारने के लिए एलुमिनी एसोसिएशन को मजबूत करना होगा तभी नैक के मूल्यांकन में अच्छा ग्रेड प्राप्त होगा।
पार्षद अलका जयेश सहारे ने एलुमिनी एसोसिएशन को पांच हजार रुपये देने की घोषणा की। कहा कि महाविद्यालय के विकास के लिए अपने स्तर पर जो कर सकती हूं, करूंगी, हमेशा सहयोग दूंगी। भूतपूर्व विद्यार्थी अपने अनुभव साझा करते हुए भावुक हो गए। सभी ने महाविद्यालय के विकास एवं नैक मूल्यांकन में अच्छा ग्रेड दिलाने का संकल्प लिया, हर प्रकार से सहयोग करने की बात कही।
बैठक में एनडी चौखांद्रे, मुन्नाालाल सहारे, शिवराम सिंग, खुशाल लिल्हारे, कमेश्वरी वर्मा, सीमा परमार, संगीता देवांगन, राजेंद्र ठाकुर, मीनाक्षी हुमने, प्रीति, उषाकिरण, सिद्धार्थ नागदौने, हितेश्वर वर्मा, चंद्रप्रकाश वर्मा, एसके सहारे, धीरज रमेश बघेल, बाबूराव जनबंधू, टी. जांबुलकर, उमेश हथेल, देवेंद्र अंबादे, कृष्णा यादव, अरुण गुणी, सीताराम उइके, दीपक साखरे, शैफाली साहू, अमिता दत्ता, सुरेश सरजारे, मुकेश रामटेके, सागर रामटेके व अन्य मौजूद रहे।
