रायपुर. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कोरोना महामारी के संक्रमण को रोकने के साथ ही पुलिस कई सामाजिक जिम्मेदारियों का भी निर्वाह कर रही है. इन जिम्मेदारियों के निर्वाह के बीच पुलिस का एक अलग पहलू भी नजर आ रहा है. कहीं लोगों को गाने गाकर कोरोना से बचाव की सीख देती पुलिस नजर आ रही है तो कहीं जरूरतमंदों तक खाना पहुंचाती. वहीं कोरोना की महामारी के संक्रमण के खतरे से डरे लोग कहीं-कहीं करीबी को भी कंधा देने सामने नहीं आ रहे हैं. ऐसे में राजधानी रायपुर की पुलिस ने एक नजीर पेश की है.
राजधानी रायपुर में 85 वर्षीय बुज़ुर्ग के निधन पर परिवार को कोई सहारा नहीं मिला. इस बात की जानकारी यहां की गुढ़ियारी पुलिस थाने पहुंची. ऐसे में पुलिस अफसर ने अपने जवानों के साथ पहुंचकर उनका अंतिम संस्कार कराया. चूंकि मृतक की कोई संतान नहीं थी तो मृतक की पत्नी ने ही उन्हें मुखाग्नि दी.
रायपुर के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के अंतर्गत जनता कॉलोनी निवासी 85 वर्षीय सुरेश कुमार जोशी का बीते गुरुवार को निधन हो गया. परिवार में पत्नी के अलावा ना कोई संतान है ना ही कोई रिशेतदार था. ऐसे में उनकी पत्नी असहाय हो समझ नहीं पा रही थी कि वो अपने पति का अंतिम संस्कार कैसे करें. इस लॉकडाउन की कठिन परिस्थितियों में गुढ़ियारी थाना प्रभारी रविशंकर तिवारी को इसकी सूचना मिली तो वो तत्काल अपनी पूरी टीम के साथ मृतक बुज़ुर्ग के घर पहुंचे. साथ ही अंतिम संस्कार करवाने की व्यवस्था की
