बिलासपुर . जोनल स्टेशन स्थित रिटायरिंग रूम मंगलवार से खुल गया है। यात्रियों के लिहाज से यह बड़ी सुविधा है। जिसका यात्री बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। खासकर वह यात्री किसी काम के सिलसिले में एक या दो दिन के लिए बिलासपुर आते हैं। रिटायरिंग रूम को खोलने के साथ ही कुछ आवश्यक नियम भी लागू किए गए हैं। इसके तहत सबसे प्रमुख मास्क है। यदि कोई भी यात्री बिना मास्क के आएगा तो उसे प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
कोरोना के कारण इस यात्री विश्रामगृह (रिटायरिंग रूम) को भी बंद कर दिया गया था। हालांकि इस बीच ट्रेनों का परिचालन शुरू हुआ तो इसे भी खोलने का आदेश दिया गया। पर संचालक ने साफ मना कर दिया। दरअसल सीपेज की वजह से डारमेट्री के चार केबिन और दो रूम रहने लायक नहीं थे। बाद में यह निर्णय हुआ कि रेलवे इसकी मरम्मत कराएगी।इसके बाद कुछ न कुछ वजह बताकर संचालक इसे खोलने से मनाही करता रहा। दो दिन पहले आइआरसीटीसी ने इसका निरीक्षण किया। इसके बाद रिपोर्ट सिकंदराबाद मुख्यालय भेजा गया। वहां से अनुमति मिल गई। इसके बाद संचालक को निर्देश दिया गया। संचालक ने मंगलवार की सुबह से यात्रियों के लिए यह सुविधा शुरू कर दी है। हालांकि कोरोना को देखते हुए बेहद सावधानी बरती जा रही है। प्रवेश द्वार से लेकर अंदर तक जगह- जगह गाइड – लाइन की जानकारी है। इसके अलावा मास्क की अनिवार्यता भी की गई है। एक कर्मचारी को गेट पर बैठाया गया। जिसका काम केवल यात्रियों के हाथों में सैनिटाइजर देना है। इसके साथ वह यह देख रहा है कि यात्री मास्क पहना है या नहीं। दोपहर 12 बजे तक एक भी बुकिंग नहीं हो पाई थी।
किराया यथावत, बदलाव नहीं समय केबिन रूम
तीन घंटे 100 रुपये 500 रुपये
छह घंटे 200 रुपये 700 रुपये
नौ घंटे 300 रुपये 900 रुपये
12 घंटे 400 रुपये 1200 रुपये 24 घंटे 500 रुपये 1500 रुपये
