बिलासपुर : शहर की छात्रा सी शिवानी ने आइआइटी मुंबई की ओर से आयोजित टैकफेस्ट 2020 कल्चर एवं टेक्नोलॉजिकल फेस्टिवल में होने वाले उज्जवल भारत तथा डिजाइन फार डिफेंस प्रतियोगिता में क्रमश तीसरा और पांचवां स्थान प्राप्त किया है। वह चौकसे इंजीनियरिंग महाविद्यालय में अध्ययनरत हैं।
आइआइटी मुंबई देश का सबसे बड़ा टेक्निकल इंस्टीट्यूट है, जो हर वर्ष टेक्नालाजिकल एवं इनोवेटिव आइडियाज के साथ टैलेंट सर्च कंपीटिशन का आयोजन करते आ रहा है। इसमें इस वर्ष चौकसे इंजीनियरिंग कालेज की छात्रा ने अपने समूह के साथ उज्जवल भारत प्रतियोगिता अंतर्गत ज्वारीय ऊर्जा संयंत्र निर्माण के लिए आइडिया प्रस्तुतीकरण में अपने आइडिया के साथ हिस्सा लिया।
इसमें देशभर से लगभग 1000 छात्रों के समूह ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में 15 छात्रों के समूह ने अंतिम राउंड में जगह बनाई। इसके फाइनल राउंड में सी. शिवानी के समूह ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार एक अन्य प्रतियोगिता डिजाइन फार डिफेंस में भारतीय सेना के लिए हल्के वनज वाले तंबू का थ्रीडी माडल बनाया जाना था। इसमें लगभग 1200 छात्र-छात्राओं के समूह ने विचार प्रस्तुत किए। इसमें शीर्ष छह सबसे बेहतरीन आइडिया को चयनित किया गया। इसमें सी. शिवानी एवं उसके समूह ने पांचवा स्थान प्राप्त किया। चौकसे इंजीनियरिंग कालेज के कंम्प्यूटर साइंस विभाग के विद्यार्थी समय-समय पर विभिन्न् आइआइटी, ट्रिपल आइटी एवं एनआइटी में होने वाली विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेते रहते हैं और शीर्ष स्थान प्राप्त कर महाविद्यालय का नाम गौरवान्वित करते हैं। सी. शिवानी की सफलता के लिए महाविद्यालय के प्रबंध निदेशक आशीष जायसवाल, निदेशिका डा. पलक जायसवाल के साथ सभी प्राध्यापकों ने उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।
