बेमेतरा. वैश्विक महामारी की जंग में बेमेतरा जिला को शत-प्रतिशत सफलता तो नहीं पर एक सुरक्षित स्थान पर बेमेतरा जिला पहुंच चुका है, जिसका ही परिणाम है कि बीते एक सप्ताह में महज 14 मरीज ही संक्रमित पाए गए हैं। वहीं जागरूकता परिचय देते हुए कोरोना का टीका लगाने के मामले में बेमेतरा जिले दूसरे नंबर पर है।
हालांकि पूरे आंकड़े या करोना काल के बारे में बात की जाए तो बेमेतरा जिले में पहला संक्रमित मरीज 22 मई को नवागढ़ विकासखंड के ग्राम बोरतरा में पाया गया था। इसके बाद अब तक जिले में 5002 संक्रमित मरीज पाए गए हैं, जिनमें से 4887 मरीजों का उपचार के उपरांत उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया है। हालांकि इस संक्रमण के दौरान 61 मरीजों की मृत्यु भी हो चुकी है वही आज मिली जानकारी के अनुसार जिला चिकित्सालय बेमेतरा में महज पांच मरीजों का उपचार किया जा रहा है, जबकि जिले में कुल 54 मरीज है, जिनका उपचार किया जा रहा है हालांकि बाकी संक्रमित मरीज होम आइसोलेशन में रहकर अपना इलाज करवा रहे हैं।
कोरोना वैक्सीन की अगर बात की जाए तो वैक्सीन में भी पूरे प्रदेश में दूसरे नंबर पर टीका लगाने के मामले में बेमेतरा जिला का स्थान बना हुआ है। यहां अब तक 4578 कर्मियों को अब तक वैक्सीन का टीका लगाया जा चुका है, वहीं अब स्वास्थ्य कर्मियों के बाद फ्रंटलाइन कोरोना वरियर्स में राजस्व अमला तथा पुलिसकर्मियों को टीका लगाने का काम शुरू हो चुका है, जिसकी शुरुआत दो दिन पहले हुई है। जिसमें बेमेतरा के कलेक्टर शिव अनंत तायल तथा पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल को भी वैक्सीन का टीका लगाया गया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डा. एस के शर्मा से मिली जानकारी के अनुसार वैक्सीन का डोज जिला चिकित्सालय में पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है तथा अभी भी दो हजार वैक्सीन जला चिकित्सालय में सुरक्षित है, जिससे प्रतिदिन वैक्सीन लगाने का क्रम बना हुआ है।
16 फरवरी से शुरू होगा दूसरे चरण का टीकाकरण
शासन के दिए गए गाइडलाइन के तहत 16 फरवरी से उन स्वास्थ्य कर्मियों को दूसरे चरण का टीकाकरण शुरू होगा, जिन्हें पहले वैक्सीन लगाया जा चुका है, इसकी तैयारी भी जिला चिकित्सालय द्वारा कर ली गई है, जहां पर दूसरे चरण के टीका के साथ-साथ नए लोगों को भी प्राथमिकता के आधार पर टीकाकरण किया जाएगा।
