राजनांदगांव. शहर के सुंदरीकरण के लिए करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, दूसरी ओर अवैध पोस्टर-बैनर लगाकर सुंदरता को बर्बाद किया जा रहा है। फलाईओवर के निचले हिस्से में बेतरतीब प्रचार सामग्रियां शहर की सुंदरता पर दाग जैसे लग रही हैं।
फ्लाईओवर के नीचे आकर्षक पेंटिंग भी बनाई गई है, लेकिन अवैध पोस्टरों की वजह से यह पेंटिंग खराब हो रही है। इस पेंटिंग के ऊपर ही पोस्टर चस्पा कर दिए गए हैं। इसके अलावा शहर के कुछ ऐतिहासिक स्मारकों पर भी पोस्टर लगाए जा रहे हैं। इस ओर निगम प्रशासन का ध्यान नही जा रहा है। नगर निगम का आफिस शहर के बीचोबीच है। उसके बाद भी लोग पोस्टर चिपकाने से नही डरते। कई बार तो पूरे पिलर पर पोस्टर चिपका दिया जाता है, फिर भी नगर निगम सोया रहता है।
0 मंशा पर पानी फिर रहा
शहर को खूबसूरत बनाने के लिए बड़े शहरों की तर्ज पर यहां भी आकर्षक पेंटिंग बनाई गई है, ताकि लोग आनंद ले सकें। पेंटिंग पर आपको अलग-अलग चित्र बने नजर आएंगे। इन चित्रों के माध्यम से लोगो को अलग अलग संदेश देने की कोशिश की गई है, लेकिन अवैध प्रचार सामग्रियों से ढंकने के कारण मंशा पर पानी फिर रहा है।
0 दब गई संदेश वाली पेंटिंग
फलाईआवेर के नीचे करीबन 150 पिलर हैं। सभी पिलर पर नौ से 12 थीमों को ध्यान में रखते हुए पेंटिंग बनाई गई है। इस रास्ते पर पुराना बस स्टेैंड, पोस्ट आफिस चौक, भगत सिंह चौक, महावीर चौक, गुरुद्धारा चौक, नया बस स्टेंड चौेक, स्टेडियम चौक आदि चौक पड़ते हैं। यहां से गुरजने वाले लोग पेंटिंग को देख कर फोटो खिंचवाते थे। यहां लोगो को संदेश देने के लिए कई प्रकार की पेंटिंग बनाई गई है। देश भक्ति से जुडी आकर्षक पेंटिंग भी देखने को मिलती है, कई ऐतिहासिक पेंटिंग भी बनाई गई हैं, जो लोगों को अपनी ओर आकर्षित करती हैं।
0 कई हिस्से में पसरी है गंदगी
सुंदरीकरण की कवायद के बीच फलाईओवर के नीचे गंदगी ही नजर आ रही है। ज्यादातर पिलर पर पोस्टर चिपके नजर आ रहे हैं। कई पेंटिंग की हालत तो ऐसी हो गई है कि पहचाना नहीं जा सकता। नगर निगम के अधिकारी अगर इस ओर ध्यान देते तो सभी पेंटिंग सही सलामत नजर आतीं, लेकिन उदासीनता के कारण खराब हो रही हैं।
0 हृदय स्थल पर पार्किंग चुभ रही
शहर के ऐतिहासिक सुभाष द्वार, जय स्तंभ चौक, दिग्विजय महाविद्यालय सहित कई ऐतिहासिक स्मारकों पर पोस्टर चस्पा कर दिए गए हैं। इससे इनका सौंदर्य खराब हो रहा है। इन ऐतिहासिक स्मारकों की न तो साफ-सफाई होती है और न ही इनके रख रखाव पर ध्यान दिया जाता है। इन स्मारकों को केवल पोस्ट चस्पा करने का केंद्र बनाया जा रहा है। शहर के जयस्तंभ चौक के समीप अघोषित पार्किंग बना दी गई है। सुंदरता पर यह दाग लग रहा है। जयस्तंभ भी बैनरों से ढंका नजर आता है। लोगों में जागरूकता की कमी की वजह से शहर की सुंदरता तो खराब हो ही रही है, ऐतिहासिक स्मारक भी खराब हो रहे हैं। जरूरत है तो ऐसा करने वाले लोगों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की। सभी पेंटिंग को दिखवाता हूं । जो ठीक करने लायक होंगी, उन्हें ठीक किया जाएगा। जो लोग बिना अनुमति के पोस्टर चिपकाए हैं, उन पर कार्रवाई की जाएगी। -चंद्रकांत कौशिक, आयुक्त, नगर निगम
