बिलासपुर। बिलासपुर से दिल्ली अब दूर नहीं है। नागर विमानन मंत्री हरदीप सिंह पुरी बिलासपुर से दिल्ली हवाई सेवा प्रारंभ करने की घोषणा की। इसके साथ ही बिलासपुर से उड़ान का रास्ता साफ हो गया है। दरअसल दिल्ली प्रवास के दौरान सीएम भूपेश बघेल ने नागर विमानन मंत्री से इसकी मांग की थी।
गुस्र्वार को नई दिल्ली के निर्माण भवन में मुख्यमंत्री बघेल ने केंद्रीय नागर विमानन मंत्री हरदीप सिंह पुरी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने रिजनल कनेक्टिविटी योजना के तहत बिलासपुर की दिल्ली, मुंबई और कोलकाता जैसे महानगरों से एयर कनेक्टिविटी की अनुमति देने का आग्रह किया। इस पर विमानन मंत्री ने तत्काल बिलासपुर से दिल्ली के लिए एयर इंडिया की फ्लाइट शुरू करने की घोषणा की।
सीएम बघेल ने अंबिकापुर एयरपोर्ट से विमान सेवा प्रारंभ करने और जगदलपुर एयरपोर्ट से महानगरों के लिए विमान सेवा शुरू करने का आग्रह विमानन मंत्री से किया। इस पर केंद्रीय विमानन मंत्री ने सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया है। मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री बघेल ने विमानन मंत्री पुरी से बिलासपुर एयरपोर्ट को थ्री सी वीएफआर श्रेणी में अपग्रेड करने और तीन शहरों के लिए विमान सेवा को हरी झंडी दिखाने का आग्रह किया। गुस्र्वार को ही बिलासपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद अस्र्ण साव नागर विमानन मंत्री पुरी व एयरपोर्ट अथारिटी आफ इंडिया के चेयरमैन अनुज अग्रवाल से मुलाकात की। इस दौरान केंद्रीय मंत्री पुरी ने सांसद साव को बताया कि भारत सरकार की उड़ान योजना के अंतर्गत 31 करोड़ रुपये खर्च कर बिलासा एयरपोर्ट को अपग्रेड किया गया है। एक माह के भीतर ही थ्री सी लाइसेंस भी जारी कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि भोपाल-प्रयागराज-जबलपुर रूट पर हवाई सेवा प्रारंभ किए जाने की तैयारी है।
सांसद साव ने केंद्रीय मंत्री मंत्री पुरी से बिलासा एयरपोर्ट में विमानों के सुचारू आगमन के लिए डीवीओआर व एचपीडीएमई स्थापित कराने की मांग की। उन्होंने बताया अंतिम आडिट करने एयरपोर्ट आई डायरेक्टर जनरल आफ सिविल एविएशन की टीम ने नेविगेशन एड सुविधा के अंतर्गत डीवीओआर व एचपीडीएमई स्थापित कराने की सलाह दी थी।
विमानन मंत्री का दूसरा ट्वीट
बिलासा एयरपोर्ट से यात्री विमान सेवा प्रारंभ करने को लेकर नागर विमानन मंत्री का यह दूसरा ट्वीट है। इसके पहले उन्होंने केंद्रीय विमानन मंत्रालय द्वारा बिलासा एयरपोर्ट को केंद्र सरकार की योजना उड़ान टू में शामिल करने की जानकारी देते हुए बिलासपुरवासियों को बधाई दी थी। तकरीबन एक महीने बाद एयरपोर्ट अथारिटी ने बिलासा एयरपोर्ट को जारी टू सी लाइसेंस को अपग्रेड करते हुए थ्री सी लाइसेंस जारी कर दिया था। नागर विमानन मंत्री के इस ट्वीट के बाद ऐसा माना जा रहा है कि जल्द ही बिलासा एयरपोर्ट से यात्री विमान सेवा प्रारंभ होगी।
