बिलासपुर। अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय में आठ फरवरी से पूरक एवं विशेष परीक्षा शुरू होगी। परीक्षा ओपन बुक पद्धति से होगी। घर में पर्चा हल करने के बाद तीन दिनों के भीतर कालेज में जमा करना अनिवार्य होगा। स्पीड पोस्ट से भी भिजवा सकते हैं। परीक्षा प्रभारी प्रदीप सिंह ने परीक्षा को लेकर जानकारी साझा करते हुए कहा कि कोरोना महामारी के कारण ओपन बुक सिस्टम से परीक्षा आयोजित की जा रही है। कुलपति डा. संजय अलंग व परीक्षा नियंत्रक डा. प्रवीण पांडेय ने इस पर मुहर लगा दी है। छात्रों को उत्तरपुस्तिका का प्रथम पृष्ठ कालेज व विश्वविद्यालय की वेबसाइट से अपलोड करना होगा। ए-4 साइज के पेपर पर स्वयं से लिखना है। छात्रों को उत्तरपुस्तिका हर पेपर के तीन दिन के अंदर जमा करना है। उत्तरपुस्तिका कालेज में छात्रों को जमा करना होगा। किसी कारणवश अगर पहुंचने में समस्या है तो वे सीधे स्पीड पोस्ट भी कर सकते हैं। शुक्रवार से विश्वविद्यालय की वेबसाइट से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। इसके अलावा छात्रों को उत्तरपुस्तिका जमा करते समय उसके साथ प्रवेशपत्र की कापी प्रस्तुत करना जरूरी है। उत्तरपुस्तिका जमा करने की पावती अपने पास रखनी है। परीक्षार्थी को अगर कोई परेशानी हो तो वे अपने कालेज के प्राचार्य से संपर्क कर सकते हैं। सभी कालेजों को छात्रों की प्रायोगिक परीक्षा आनलाइन कराने का निर्देश दिया है। कालेजों को बाह्य परीक्षा का समय लेकर आनलाइन प्रायोगिक परीक्षा करानी होगी। भीड़ से बचने कालेज करेंगे उपाय पूरक व विशेष परीक्षा के दौरान उत्तरपुस्तिका जमा करने कालेजों में एक साथ भीड़ पहुंचेगी। जिसे संभालने की जिम्मेदारी कालेज प्रशासन की होगी। प्राचार्यों को पत्र जारी कर पहले ही इस संदर्भ में दिशा-निर्देश जारी कर दिया गया है। हालांकि कुछ व्यवहारिक दिक्कतें भी हैं। इसे परीक्षा विभाग के समक्ष रखने को प्राचार्य कह रहे हैं।
