रायपुर। भाजपा के किसानों को लेकर आंदोलन पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने करारा निशाना साधा है। रायगढ़ रवाना होने से पहले हेलीपैड पर मीडिया से चर्चा में मुख्यमंत्री बघेल ने पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह को नकली किसान बताया।
उन्होंने कहा कि रमन नकली किसान हैं। लाल गमछा सिर में नहीं कमर में बांधना चाहिए। अगर उनको किसान बनना है तो कमर में गमछा बांधें। रमन के ट्वीट पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वे खाली बैठे हैं और ट्वीट करते रहते हैं। दिल्ली वाले रमन को काम नहीं दे रहे हैं।देश के पांच राज्यों में चुनाव होना है, लेकिन उनको कहीं की जिम्मेदारी नहीं दी गई है। उन्होंने न्याय योजना को लेकर कहा कि केंद्र सरकार न्याय योजना की राशि को बोनस मानती है। छत्तीसगढ़ के भाजपा नेता अगर केंद्र की बात को सही मानते हैं, तो उनको बोनस की राशि नहीं लेनी चाहिए।
दिल्ली के किसान आंदोलन पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केंद्र सरकार की हठधर्मिता है। मुख्यमंत्री के बयान पर नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने पलटवार किया है। कौशिक ने कहा कि कौन किसान है, यह जनता जानती है। गमछा कहां बांधना है, यह भाजपा नेताओं को किसी से सीखने की जरूरत नहीं है।
