खैरागढ़ पीडब्ल्यूडी विभाग से जारी टेंडर में मनमानी को लेकर हंगामा
राजनांदगांव । जिला पंचायत में गुरुवार को हुई सामान्य सभा की बैठक काफी हंगामेदार रही। बैठक में कांग्रेस ही नहीं भाजपा सदस्यों ने भी निर्माण कार्यों की जानकारी नहीं देने पर अफसरों को घेरा। लगभग डेढ़ घंटे तक खैरागढ़ पीडब्ल्यूडी विभाग से जारी टेंडर में मनमानी को लेकर हंगामा हुआ। वहीं वन विभाग के डीएफओ को सदस्यों ने शिकायतों की जांच नहीं करने पर घेरे रखा। इसको लेकर बैठक में जमकर हंगामा मचा रहा। भाजपा सदस्यों ने अब तक स्वीकृत कार्यों की जानकारी भी मांगी, लेकिन अफसर चुप्पी साधे रहे। निर्माण कार्यों की गति को लेकर भी भाजपा समर्थित सदस्यों ने अफसरों पर सवाल खड़े गए। आखिर में जिला पंचायत की अध्यक्ष गीता साहू ने अफसरों को सभी स्वीकृत व निर्माणाधीन कार्यों को तय डेड लाइन में कंप्लीट करने के निर्देश दिए।गुरुवार को सुबह 11 बजे से बैठक शुरू हुई। शुरुआत में ही भाजपा के जिला पंचायत सदस्यों ने पीडब्ल्यूडी व पीएमजीएसवाय के अफसरों से निर्माण कार्यों की जानकारी मांगी। पर अफसर अपडेट जानकारी नहीं दे पाए। कुछ देर बाद सदस्यों ने विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों को भी घेरा। यही नहीं जिले के जंगल क्षेत्र से गांवों की ओर आ रहे बाघ व अन्य जानवरों के अलावा पेड़ों के काटने की जांच पर सदस्यों ने डीएफओ को भी घेरा। इसके बाद खैरागढ़ के पीडब्ल्यूडी अधिकारी को भी सवालों के कटघरे में खड़ा किया। भाजपाइ सदस्यों ने कहा कि खैरागढ़ पीडब्ल्यूडी में जारी टेंडर पर गड़बड़ी क्यों हुई है। इस पर जिम्मेदार अफसरों ने चुप्पी साधे रखी, जिसको लेकर सदस्यों ने डेढ़ घंटे जमकर हंगामा किया। अफसरों पर लापरवाही का आरोप लगाकर कई सदस्य एक-एक बैठक से निकल भी गए। बैठक में जिपं अध्यक्ष गीता साहू, उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह व सभी विभाग के सभापति और सदस्यों के अलावा विभागीय अधिकारी भी मौजूद रहे।
