रायपुर। दुर्ग जिले में हादसे कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं। रात में तेजी से वाहन चलाने वाले शिकार हो रहे हैं। गुरुवार को आधी रात दुर्ग से सेक्टर-1 की तरफ आ रही एक तेज रफ्तार कार प्रियदर्शिनी परिसर अंडरब्रिज के पास गैरेज रोड में अनियंत्रित होकर रोड से छह फीट नीचे गिर गई। कार में दो लोग सवार थे, लेकिन उन्हें मामूली चोट लगी है। इस घटना में पुलिस के पास कोई शिकायत नहीं पहुंची है।
जानकारी के मुताबिक उक्त घटना गुरुवार के रात करीब तीन बजे की है। कार क्रमांक सीजी-04 केएस 9709 में सवार दो लोग दुर्ग से सेक्टर-1 की तरफ आ रहे थे। प्रियदर्शिनी अंडरब्रिज मोड़ के पहले उनकी कार अनियंत्रित हो गई और रोड के दाहिने तरफ सड़क के नीचे आ गिरी। कार की रफ्तार इतनी ज्यादा थी कि वो हवा में उछलकर पहले पेड़ से टकराई और उसके बाद पलटकर नीचे गिर गई।कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन उसमें सवार लोगों की जान बच गई। बताया जा रहा है कि कार में सेक्टर-1 निवासी मो. यासिन व एक अन्य व्यक्ति था। शुक्रवार की सुबह भिलाई नगर पुलिस को इसकी जानकारी लगी तो पुलिस ने कार को वहां से हटाया और जब्त कर थाने में खड़ा किया है। पुलिस घायलों का बयान लेगी। हादसा होने के कारणों के बारे में अब तक पुलिस भी कुछ बोल नहीं पा रही है। बता दें कि भिलाई के सेंट्रल एवेन्यू पर तेज वाहन चलाने की वजह से आयेदिन हादसे हो रहे हैं।
