राजनांदगांव| ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने वालों पर यातायात शाखा अभियान चलाकर कार्रवाई कर रही है। इस अभियान के तहत जनवरी-फरवरी में टीम ने कुल 694 वाहनों पर कार्रवाई की है। इनसे 9 लाख 72 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया है। ट्रैफिक शाखा से मिली जानकारी मुताबिक टीम ने शहर के अलग-अलग हिस्से में पाइंट लगाकर जांच की।
इसमें ओवरस्पीड, प्रेशर हार्न, शराब पीकर वाहन चलाने वाले, बगैर सीट बेल्ट सहित मोटर व्हीकल एक्ट के अन्य मामलों में कार्रवाई की गई है। इसमें तेज गति पर 256 वाहनों पर 5,14,000 रुपए जुर्माना वसूला गया। इसी तरह शराब पीकर वाहन चलाने के 31 मामलों में 2 लाख 70 हजार रुपए का जुर्माना किया गया। इसी तरह दो माह में प्रेशर हार्न के 19 वाहनों पर 5700 रुपए, काले शीशे वाले 2 वाहनों पर 4 हजार रुपए सहित अन्य 386 वाहनों पर 1 लाख 79 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया है।
