राजनांदगांव डोंगरगढ़ में मिष्ठान भंडार का सामान छोड़कर लौट रहे दो कर्मचारियों ने अपने साथ लूट की शिकायत दर्ज कराई है। कर्मचारियों ने बताया कि उनके मालवाहक के सामने कार अड़ाकर चार लोगों ने मारपीट कर 1 लाख रुपए लूट लिया है। डोंगरगढ़ पुलिस ने इसकी जांच शुरू कर दी है। हालाकि शिकायत दर्ज कराने वाले कर्मचारी ही संदेह के घेरे में हैं।
डोंगरगढ़ पुलिस ने बताया कि राजनांदगांव के लक्ष्मीनारायण स्वीट्स के दो कर्मचारी इलायची दाने की खेप छोड़ने बुधवार को डोंगरगढ़ आए थे। दोनों ने व्यापारी के घर खेप उतारी उसके बाद 1 लाख रुपए का भुगतान लेकर रात 8 बजे वापस नांदगांव लौट रहे थे। शिकायत के मुताबिक दोनों प्रज्ञागिरी रोड में पहुंचे थे, तभी अज्ञात कार पहुंची, चालक ने मालवाहक के सामने कार अड़ा दी।
इसके बाद कार से उतरे चार लोगों ने उनके मारपीट पर रुपए से भरा बैग लूट लिया और भाग निकले। शिकायत की जांच में जुटी पुलिस को कुछ संदेहास्पद तथ्य मिले हैं। इसके आधार पर शिकायत दर्ज कराने वाले कर्मचारियों से ही पूछताछ की जा रही है। टीआई जितेंद्र वर्मा ने बताया कि पूछताछ पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।
