रायपुर में मेडिकल के एक छात्र ने खुदकुशी कर ली है। देवेंद्र नगर इलाके में यह घटना हुई है जहां मेडिकल छात्र रह रहा था। उसने अपने कमरे में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। आज सुबह आस- पड़ोस के लोगों ने देखा की मेडिकल छात्र की लाश फांसी के फंदे पर झूल रही है। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची देवेंद्र नगर पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारा। शव को पंचनामे के लिए अस्पताल भेजा गया है और मृतक के परिजनों को इस बारे में सूचना दे दी गई है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मृतक का नाम डॉ हेमंत देवांगन था। वह रायपुर के पं जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की पढ़ाई के बाद ईएनटी की पढ़ाई कर रहा था। वह मूल रूप से धमतरी का रहने वाला था और वर्तमान में देवेंद्र नगर में स्थित आकाश गैस एजेंसी के पास किराए के मकान में रहता था।
आज सुबह उसके मकान मालिक और पड़ोसियों ने फांसी पर लटका उसका शव देखा और पुलिस को इस बारे में सूचना दी। घटना स्थल का मुआयना करने के बाद पुलिस को वहां से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। मृतक के मोबाइल को जब्त कर उसकी जांच की जा रही है।
अस्पताल में मृतक के साथ पढ़ाई कर रहे मेडिकल छात्रों ने पुलिस को बताया कि वह पिछले कुछ दिनों से अस्पताल नहीं आ रहा था और उसका मोबाईल भी स्विच ऑफ था। अब पुलिस इस खुदकुशी के कारणों की जांच कर रही है।
