संबल एवं उन्नति का हर्ष किताब और पाम्पलेट्स पढ़कर
शासन की योजनाओं की मिल रही विस्तृत जानकारी
राजनांदगांव 29 दिसम्बर 2020। खैरागढ़ जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लीला प्रकाश मंडावी ने जनसंपर्क विभाग द्वारा राज्य शासन के दो वर्ष पूर्ण होने पर खैरागढ़ में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों और विकास कार्यों की विकासखंड स्तरीय फोटो प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लीला प्रकाश मंडावी ने फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस अवसर पर जनपद सदस्य श्री पारस कोसरे, जनपद सदस्य श्रीमती मंजू चतुर्वेदी, जनपद सदस्य श्रीमती मंजू धुर्वे, जनपद सदस्य श्री देवदत्त मिश्रा, सरपंच श्री जेठू मारकण्डे, एसडीएम खैरागढ़ श्रीमती निष्ठा पाण्डेय, सीईओ जनपद पंचायत खैरागढ़ श्रीमती रोशनी भगत टोप्पो उपस्थित थे।
ग्राम कातलवाही के किसान श्री रमेश कुमार वर्मा ने कहा कि जनसंपर्क विभाग द्वारा लगाई गई फोटो प्रदर्शनी के माध्यम से शासन की विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी मिली। फोटो प्रदर्शनी में संबल एवं उन्नति का हर्ष किताब और पाम्पलेट्स अच्छी लगी। खैरागढ़ जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्री मुरली सिंह वर्मा ने कहा कि फोटो प्रदर्शनी मेें जैविक खाद एवं शासन की नरूवा, गरूवा, घुरूवा, बाड़ी एवं विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई है। उन्होंने कहा कि शासन के दो वर्ष की योजनाएं सराहनीय है। इन योजनाओं से नागरिक लाभान्वित हो रहे है। जनपद सदस्य ममता साहू ने कहा कि जनसंपर्क विभाग की प्रदर्शनी के माध्यम से यह जानकारी मिली कि शासन द्वारा विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत महुआ से अनेक प्रकार के उत्पाद, तेंदुपत्ता खरीदी, जैविक खाद एवं नरूवा, गरूवा, घुरूवा, बाड़ी का निर्माण, गढ़ कलेवा का शुभारंभ किया गया है। इसी प्रकार आदिवासियों का उत्थान, वनांचल क्षेत्रों में पट्टा वितरण का कार्य भी किया गया है, जो बहुत ही सराहनीय है। विकासखंड स्तरीय फोटो प्रदर्शनी का विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधिगण तथा नागरिकों ने अवलोकन किया। फोटो प्रदर्शनी में जनसंपर्क विभाग के श्री मछेन्द्र महाले एवं नागरिक उपस्थित थे।
