राजनांदगांव. चिचोला पुलिस चौकी क्षेत्र के पाटेकोहरा में स्थित आरटीओ बैरियर में एक ट्रक चालक के साथ मारपीट की गई थी। ट्रक चालक ने इस घटना से क्षुब्ध होकर खुद पर पेट्रोल छिड़कर खुदकुशी करने की कोशिश भी की थी। मामले में बैरियर के कर्मचारियों पर अवैध वसूली करने व पैसे नहीं देने पर मारपीट का आरोप लगा था। ट्रक चालक ने लिखित शिकायत की थी पर विडंबना है कि पुलिस इस गंभीर मामले में 10 दिनों के बाद भी किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है जबकि राज्य सरकार ने मारपीट की इस घटना को गंभीरता से लेते हुए बैरियर के प्रभारी को तत्काल हटा दिया था। वहीं ड्राइवर संघ की ओर से मामले में कार्रवाई नहीं होने और बैरियर को बंद नहीं किए जाने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी गई थी।
मैकेनिकल के नाम पर वसूली
यह मामला इस कदर उछला था कि राज्य सरकार ने बिना देरी किए ही प्रभारी को हटा दिया जबकि प्रभारी को आए यहां ज्यादा दिन नहीं हुए थे। ट्रक चालक ने आरोप लगाया था कि मैकेनिकल के नाम पर बैरियर में अवैध वसूली हो रही है। पैसे नहीं देने की बात कहने पर बैरियर के कर्मचारियों ने मारपीट की थी। नाक से खून भी निकला था। इससे क्षुब्ध होकर चालक ने खुदकुशी का प्रयास किया था पर अन्य ट्रक चालकों ने ऐसा करने से रोक दिया था।
सख्ती नहीं की गई
इस घटना के बाद बैरियर में देर तक हंगामा भी हुआ था। बैरियर में जाम की स्थिति भी बन गई थी। मौके पर पुलिस टीम ने पहुंचकर मामला शांत तो कराया था पर मारपीट करने वाले बैरियर के कर्मचारियों पर सख्ती नहीं की गई। घटना के दूसरे ने ट्रक चालक ने शिकायत की थी पर पुलिस अब तक इस प्रकरण में किसी नतीजे पर नहीं पहुंच पाई है।
यहां रोज हो रहा विवाद
ट्रक चालकों ने बताया कि बैरियर के कर्मचारियों का व्यवहार ठीक नहीं है। बात-बात पर धमकाते हैं तो वहीं पैसे नहीं देने पर शुल्क की रसीद को आगे नहीं बढ़ने देते। इस कारण परेशान होना पड़ता है। मजबूर है कि बैरियर पार करना होता है, इसलिए चुप रहते हैं। बताया कि एसोसिएशन के माध्यम से आरटीओ के अफसरों को कई बार कहा गया है कि वाहन चालकों से अच्छा व्यवहार किया जाए।
मामले की जांच चल रही है
मामले में ट्रक चालक के साथ ही बैरियर के कर्मचारियों ने भी शिकायत दर्ज कराई है। मामले की जांच चल रही है। चुनाव डॺूटी में व्यस्तता के कारण जांच पूरी नहीं हुई है।
नरेश बंजारे, एसआई चिचोला चौकी प्रभारी
