रानीतराई . अंचल के गांवों में आचार संहिता लगने का भरपूर फायदा उठाया जा रहा है। कई ग्राम पंचायतों में अतिक्रमण धड़ल्ले हो रहा है। ग्राम असोगा में भी अतिक्रमण का खेल चल रहा है, जहां रात के अंधेरे में भी शासकीय जमीन पर अतिक्रमण किया जा रहा है। वहीं बोरेंदा, केसरा सहित आसपास के दर्जनों गांवों में ये सिलसिला जारी है। माना जा रहा है कि अतिक्रमणकारी आचार संहिता का ही इंतजार कर रहे थे। इसके बाद अतिक्रमणकारियों के हौसले बुलंद हो गए हैं। बता दे, असोगा में कई जगहों पर अतिक्रमण की तैयारी जोरों पर है। वहीं नियम-कायदों को ताक में रखकर बेखौफ मकान-दुकान बनाया जा रहा है। हैरानी की बात है कि सरकारी भूमि पर लोग दबंगई से अतिक्रमण कर रहे है, जिसकी जानकारी प्रशासन को छोड़कर सबको है। अब देखने वाली बात है कि अतिक्रमण पर लगाम लगाया जाएगा या प्रशासन अतिक्रमणकारियों के सामने बेबस हो जाएगा। बोरेंदा मे भी स्थिति यह है कि एक रात में भी मकान बना रहे हैं और दिखाने के लिए वहां रसोई के सामान भी रख दिए गए हैं। जानकारी के अनुसार अतिक्रमण की शिकायत तहसीलदार से की गई, तब पटवारी ने पंचनामा कर रिपोर्ट तैयार की है और शासकीय जगह पर अतिक्रमण न करने की चेतावनी दी है।
