प्राप्त राशि से कर रहे हैं कॉमन सर्विस सेंटर का संचालन
राजनांदगांव 14 दिसम्बर। दिव्यांग विवाह प्रोत्साहन योजना डोंगरगांव विकासखंड के ग्राम कोटरासरार जंगलपुर के निवासी श्री भुपेन्द्र साहू के लिए मददगार बनी है और उन्होंने स्वावलंबन की दिशा में कदम बढ़ाए हैं। भूपेन्द्र बचपन से ही 70 प्रतिशत श्रवणबाधित दिव्यांग है। दिव्यांग विवाह प्रोत्साहन योजना के तहत दिव्यांग दम्पत्ति में एक दिव्यांग होने पर 50 हजार रूपये तथा दोनों दिव्यांग होने पर 1 लाख रूपए दिये जाने का प्रावधान है।
विवाह होने पर उन्होंने अपने नए जीवन की शुरुआत की और इस योजना के तहत उन्हें 50 हजार रूपये की सहायता राशि प्राप्त हुई। इस राशि से उनके द्वारा कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) का संचालन किया जा रहा है तथा अपने परिवार का भरण पोषण किया जा रहा है। इस योजना से लाभान्वित होकर दिव्यांगजन स्वावलंबी हो रहे हैं।
