कलेक्टर ने ली उद्योग संगठनों के प्रतिनिधियों और उद्यमियों की महत्वपूर्ण बैठक
राजनांदगांव 19 अप्रैल 2020। कलेक्टर श्री जयप्रकाश मौर्य ने आवश्यक वस्तुओं से संबंधित जिले की औद्योगिक इकाईयों में आज 20 अप्रैल से उत्पादन प्रारंभ करने के संबंध में महत्वपूर्ण बैठक ली। कलेक्टर श्री मौर्य ने कहा कि प्रशासनिक टीम द्वारा इकाईयों के निरीक्षण उपरांत ही शुरू करने की अनुमति जारी की जाएगी। उन्होंने सभी औद्योगिक संस्थानों के प्रतिनिधियों को निरीक्षण के दौरान फैक्ट्री परिसर में आवश्यक तैयारियों के साथ उपस्थित रहने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि नगर निगम राजनांदगांव सीमा के बाहर के औद्योगिक क्षेत्रों में स्थित उद्योगों में अत्यावश्यक वस्तुओं का उत्पादन 20 अप्रैल 2020 से प्रारंभ किए जाने के लिए निर्धारित प्रपत्र में इकाईयों को आवेदन करना है। यह प्रपत्र विभिन्न औद्योगिक संगठनों तथा इण्डस्ट्रीज इन राजनांदगांव व्हाट्सप ग्रुप में शेयर किया गया है। इसे भरकर जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र राजनांदगांव के ई-मेल आईडी dtic-rajnandgaon.cg@gov.in पर तत्काल मेल कर सकते हैं। बैठक में आवश्यक वस्तुओं से संबंधित इकाईयों में उत्पादन पर प्रारम्भ करने अन्य मुद्दों पर भी चर्चा हुई।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती तनुजा सलाम, एसडीएम राजनांदगांव श्री मुकेश रावटे, डिप्टी डायरेक्टर आईएचएस श्री डीपी मक्सकोले, श्रमपदाधिकारी श्री एके कुजुर, प्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र श्री एसके सिंह सहित विभिन्न औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारीगण व उद्यमी उपस्थित थे।
