अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर से चीन को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर वे कोरोना वायरस के लिए जिम्मेदार हैं तो उन्हें इसका परिणाम भुगतना पड़ेगा। ट्रंप ने व्हाइट हाउस में मीडिया से बातचीत में चीन पर एक बार फिर से हमला बोला। साथ ही उन्होंने अमेरिका में उठाए जा रहे तमाम कदमों की भी तारीफ की।
ट्रंप ने कहा, ‘जर्मनी को छोड़कर अमेरिका ने किसी और देश की तुलना में स्वास्थ्य के क्षेत्र में शानदार काम किया है, प्रति व्यक्ति के आधार पर हमारे यहां की मृत्यु दर दूसरे देशों खासकर पश्चिमी यूरोप की तुलना में बहुत कम है। अमेरिका की तुलना में फ्रांस, इटली, यूके और स्पेन जैसे देशों में मृत्यु दर बहुत ज्यादा है लेकिन आप वहां के बारे में नहीं सुनेंगे और सिर्फ अमेरिका के बारे में ही बात करेंगे।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका उन खबरों पर ध्यान दे रहा है जिनमें दुनियाभर के भीतर लाखों की जान लेने वाले कोरोना वायरस के चीनी शहर ‘वुहान’ की प्रयोगशाला से पैदा होने का दावा किया गया है। ट्रंप ने यह बात तब कही जब व्हाइट हाउस में पत्रकारों ने पूछा कि क्या वुहान लैब से कोविड-19 के प्रसार की जांच होगी? ट्रंप ने कहा, ‘हम देख रहे हैं। इसमें कुछ सच्चाई तो नजर आती है।’
बता दें कि कई एजेंसियों ने चीन स्थित वुहान इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी से कोरोना वायरस के लीक होने के दावे पिछले दिनों किए हैं। ट्रंप ने इन दावों की जांच की पुष्टि की। फॉक्स न्यूज ने अपनी एक खास खबर में कहा कि अमेरिकी खुफिया कर्मचारी प्रयोगशाला और रोगाणु के शुरुआती प्रकोप के बारे में जानकारी जुटा रहे हैं।
खुफिया विश्लेषक उन घटनाक्रमों को जुटा रहे है जिसकी सरकार को जानकारी है और ‘असल में जो हुआ उसकी सही-सही तस्वीर बना रहे हैं।’ ट्रंप ने कहा, ‘कई अजीब चीजें हो रही हैं लेकिन बहुत जांच होनी बाकी है और हम सच का पता लगा लेंगे।’ उन्होंने कहा, ‘वे (चीन) एक खास तरह के चमगादड़ की बात करते हैं लेकिन वो चमगादड़ उस क्षेत्र में नहीं है क्या आप इस बात पर विश्वास कर सकते हैं। उसे उस मीट क्षेत्र में भी नहीं बेचा गया था। वो 40 मील दूर था।’
