कलेक्टर ने स्वच्छता दीदीयों से खरीदे दीये, स्वच्छता दीदीयां बना रही है गोबर के दीये
कलेक्टर स्वच्छता दीदीयों से हुए रूबरू और बढ़ाया उत्साह
राजनांदगांव 05 नवम्बर। कलेक्टर टोपेश्वर वर्मा ने आज डोंगरगढ़ में मणिकंचन केन्द्र का निरीक्षण किया। इस केन्द्र में स्वच्छता दीदीयों द्वारा शहर के कचरा को एकत्रित कर रिसाइकल करने का कार्य किया जा रहा है। स्वच्छता दीदीयों द्वारा गीला एवं सूखा कचरा अलग किया जाता है और कचरे में उपस्थित प्लास्टिक, कार्टून एवं अन्य चीजों को पृथक करके इसका उपयोग अलग-अलग कार्यों में किया जा रहा है। बेलिंग तथा फटका मशीन से प्लास्टिक को चूरा करके इसका उपयोग किया जाता है।
यहां 81 स्वच्छता दीदीयां निरंतर कार्य कर रही है। उनके द्वारा मणिकंचन केन्द्र में गोबर के विभिन्न डिजाईन के रंग-बिरंगे दीये तैयार किए जा रहे हैं। अभी तक वे 8 हजार दीये का निर्माण कर चुकी है और इन्हें विक्रय करने की तैयारी है। कलेक्टर टोपेश्वर वर्मा निरीक्षण के दौरान स्वच्छता दीदीयों से रूबरू हुए एवं उनके द्वारा तैयार किए हुए दीयों को देखकर प्रशंसा की और उनका उत्साह बढ़ाया।
उन्होंने कहा कि यह उनके आय का जरिया है। इसलिए उनके द्वारा निर्मित दीये के विक्रय के लिए बाजार उपलब्ध कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए। कलेक्टर वर्मा ने स्वच्छता दीदीयों से गोबर के बनाएं हुए दीये खरीदे और उन्हें प्रोत्साहन के रूप में राशि प्रदान की। इस अवसर पर एसडीएम डोंगरगढ़ अविनाश भोई, सीएमओ हेमशंकर देशलहरे, तहसीलदार अविनाश ठाकुर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
