राजनांदगांव I ग्राम पंचायत तुमड़ीबोड़ में ग्राम के लोगों व विभिन्न सामाजिक संगठनों, महिला समूहों ने गांव में शराब दुकान ना खोलने की मांग की है। पिछले लगभग 12 वर्षों से बंद शराब दुकान को खोलने आबकारी विभाग ने सरपंच को पत्र लिखा है। इसकी एक प्रति ग्राम पटेल अमरोतन साहू को ग्राम पंचायत के सरपंच टीकम पटेल ने दी है। आने वाले कुछ दिनों में इस संबंध में गांव वालों की एक बड़ी बैठक बुलाने की तैयारी की जा रही है और इस विषय में चर्चा की जाएगी।
शराब दुकान खुलने से पहले ही इसका जमकर विरोध हो रहा है क्योंकि आने वाली पीढ़ी और स्कूली बच्चों पर पड़ने वाले प्रभाव को आसानी से समझा जा सकता है। 12 वर्ष पूर्व ग्राम के लोगों ने भारी विरोध करके बहुत ही मुश्किल से पहले पहले वाले शराब दुकान को बंद करवाया था। ग्राम के जागरूक लोगों व विभिन्न सामाजिक संगठनों ने कहा है कि जब हम लोग शराब दुकान बंद करवा रहे हैं तो आबकारी विभाग क्यों दुकान खुलवाने में दिलचस्पी ले रहा है और शांत माहौल को खराब क्यों करना चाहता है।
