डोंगरगढ़. ग्राम कोलेंद्रा के हेमंत श्रीवास की सात वर्षीय पुत्री सेजल श्रीवास के अचानक ग्राम के मंदिर स्थित कुएं में गिर जाने से मौत हो गई. कुए से निकट लगे नींबू के पेड़ से नींबू तोड़ने के दौरान बच्ची के पैर फिसलने से बच्ची के कुएं में गिरने की बात सामने आ रही है. प्राप्त जानकारी के अनुसार बच्चे की माता सुलेखा श्रीवास अपने दो बच्चों को लेकर ग्राम में स्थित मंदिर गई थी. मंदिर दर्शन के बाद उनकी माता वहां बैठ गई और बच्चे मंदिर से लगे हुए कुए के पास नींबू का पेड़ से नींबू तोड़ रहे थे. उनकी माता दोनों बच्चों के साथ घर वापस आ गई. इसके उपरांत वह बच्ची उसी मंदिर से लगे नीबू के पेड़ में पुन: अकेले नीबू तोड़ने चले गई. जहां नीबू तोड़ते वक्त बच्ची का पैर फिसल गया, जिससे वो कुए में गिर पड़ी और कुए में गिरने से उसकी मृत्यु हो गई. बच्ची घर से दोपहर 12 बजे से गायब थी, जिसके बाद बच्चे के घर वालों ने पुलिस थाने में जानकारी दी. बहुत प्रयासों के बाद बच्ची का पता लगाया जा सका. शाम 5.45 बजे बच्ची को बाहर निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. मोहरा और डोंगरगढ़ थाने की टीम घटना स्थल पर मौजूद थीं.
