रायपुर, जशपुर जिले के फरसाबहार ब्लॉक के बनगांव की निवासी बुजुर्ग मुन्नू बाई, जो उच्च रक्तचाप और सांस लेने में परेशानी से जूझ रही थीं, को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय बगिया के निर्देश पर त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई। स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल एम्बुलेंस की व्यवस्था कर मुन्नू बाई को बेहतर उपचार के लिए जिला चिकित्सालय रेफर किया।
गुरुवार की सुबह, लगभग 5 बजे मुन्नू बाई की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उनकी बहू करमवती ने बताया कि उन्हें सांस लेने में कठिनाई हो रही थी और स्थानीय जांच में उनका बीपी बहुत बढ़ा हुआ पाया गया। स्वजनों ने उन्हें तुरंत फरसाबहार के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।
जैसे ही इस घटना की जानकारी मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय को मिली, उन्होंने तुरंत स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मरीज को एम्बुलेंस और बेहतर इलाज की व्यवस्था के साथ जिला चिकित्सालय भेजा जाए। निर्देश के अनुसार, एम्बुलेंस की मदद से मुन्नू बाई को उनके स्वजनों के साथ जिला चिकित्सालय के लिए रवाना किया गया, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। मुन्नू बाई के परिवारजनों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त किया, जिनके पहल पर कैंप कार्यालय द्वारा त्वरित सहायता के कारण मुन्नू बाई को समय पर मेडिकल सुविधा मिल पाई।
