कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी ने जारी किया आदेश
राजनांदगांव 16 अप्रैल 2020। जिले में कोरोना वायरस संक्रमण को लेकर किसी भी तरह का वक्तव्य जारी करने के लिए जिले के कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक अधिकृत होंगे। इनके अतिरिक्त यदि कोई कार्यालय या विभाग प्रमुख किसी भी प्रकार का वक्तव्य व प्रेस विज्ञप्ति आदि जारी करते हैं तो उनके विरूद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री जयप्रकाश मौर्य ने इस संबंध में सभी विभाग प्रमुखों ज्ञापन जारी कर इसका कड़ाई से पालन करने कहा है।
ज्ञापन में कहा गया है कि वर्तमान में कोरोना संक्रमण महामारी की रोकथाम के लिए शासन-प्रशासन द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए प्रतिदिन भिन्न-भिन्न प्रकार के निर्देश, आदेश, सूचना, अपील शासन-प्रशासन द्वारा जारी किए जा रहे हैं। यह भी संज्ञान में आया है कि कतिपय कार्यालय, विभाग प्रमुख द्वारा सक्षम प्राधिकारी के संज्ञान में लाए अथवा अधिकृत जानकारी के बिना वक्तव्य जारी किए जा रहे हैं, जो पुष्ट न होने से नागरिकों में भ्रम की स्थिति उत्पन करती है। इस तरह की स्थिति से जिला प्रशासन की छवि धूमिल होती है।
