Home छत्तीसगढ़ राजनांदगांव : कलेक्टर ने पौधरोपण करने जिलेवासियों से की अपील

राजनांदगांव : कलेक्टर ने पौधरोपण करने जिलेवासियों से की अपील

12

राजनांदगांव ।  कलेक्टर  संजय अग्रवाल ने जिलेवासियों को विश्व पर्यावरण दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण की रक्षा के लिए लोगों को जागरूक करने प्रतिवर्ष 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने जिले के नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के लिए पौधरोपण करने के साथ ही पौधे की सुरक्षा करने का संकल्प लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पौधरोपण करना एवं उसकी रक्षा करना हम सभी की सामाजिक जिम्मेदारी है। पेड़-पौधे के बिना जीवन की कल्पना भी नहीं की जा सकती है। पौधे जब बड़े होते हैं, तो फल, फूल एवं छाया सहित जीवन जीने के लिए ऑक्सीजन देते हैं। सभी नागरिकों को अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिए। पर्यावरण संरक्षण का दायित्व प्रत्येक नागरिक का है। हमारे पूर्वजों द्वारा लगाए गए वृक्षों का लाभ हमें मिल रहा है। हमारे आस-पास हरियाली दिख रही है। पर्यावरण को बचाना हम सबकी महती जिम्मेदारी है। पौधे लगाकर हम अपने वर्तमान के साथ ही भविष्य को भी संरक्षित करते हैं।

कलेक्टर ने कहा कि जिले में अब तक मोटर पंप एवं बोर से लगभग 85 प्रतिशत जल का दोहन कर लिया गया है। जिसके कारण भूजल स्तर काफी नीचे चला गया है। इसी गति से यदि जल का दोहन होता रहा तो यह चिन्ताजनक स्थिति है। समय रहते इस दिशा में सजग रहते हुए जनसहभागिता से कार्य करने की जरूरत है। इस स्थिति को सुधारने के लिए जल संरक्षण एवं पौधरोपण की बहुत जरूरत है। जिला प्रशासन द्वारा इस दिशा में मिशन जल रक्षा अंतर्गत व्यापक कार्य किया जा रहा है। तालाब, डबरी, कुंआ, बोरवेल, पक्के चेकडैम, मिनी परकोलेशन टैंक जैसी जल संरक्षण संरचनाओं के माध्यम से जल संरक्षण किया जा रहा है। भविष्य को ध्यान रखते हुए पर्यावरण संरक्षण एवं जल संरक्षण करने की आवश्यकता है।

Previous articleCG : नलकूपों और हैंडपंपों को दुरुस्त करने सीएम विष्णुदेव साय ने दिए निर्देश
Next articleCG : बहू के आशिक को ससुराल वालों ने उतारा मौत के घाट, 5 लोग हिरासत में