रायपुर – रायपुर शहर में एक दिन पहले 67 लाख रुपए की चोरी करने वाले तीन युवक गिरफ्तार कर लिए गए। सिविल लाइंस स्थित पुलिस कंट्रोल रूम में रायपुर के एसएसपी अजय यादव ने इस केस के संबंध में जानकारी दी। दरअसल शुक्रवार को शहीद स्मारक कॉम्पलेक्स में एक पान मसाला कारोबारी ने अपनी दुकान से बड़ी रकम के चोरी होने की रिपोर्ट मौदहापारा थाने में दर्ज करवाई थी। 12 घंटे के भीतर पुलिस की टीम ने इन्हें पकड़ लिया। जांच में जुटे अधिकारी कर्मचारियों को आईजी ने 30 और डीआईजी ने 20 हजार रुपए इनाम देने की घोषणा की है।
एसएसपी अजय यादव ने बताया कि इस घटना में शामिल युवकों ने पहले शहीद स्मारक की दुकानों में काम किया था। इसलिए इन्हें इस बात का अंदाजा था कि कहां किस तरह का काम होता है। युवकों ने घटना के पहले दुकान की रेकी भी की इस बारे में हम पूछताछ कर रहे हैं। जांच टीम ने सबसे पहले आरोपी रमेश महानंद को पकड़ा इसने बताया कि इस चोरी में इसके साथी बादल जगत और गोपाल बाघ भी शामिल थे। तीनों युवक कबीर नगर के रहने वाले हैं। इनके पास से 55 लाख रुपए मिले हैं। बाकि की रकम के बारे में पुलिस पूछताछ और जांच कर रही है।
चोरी के बाद तीनों ने रकम को आपस में बांट लिया था। पुलिस के मुताबिक इससे पहले ये तीनों शहर के अलग-अलग थानों में चोरी के ही केस में जेल जा चुके हैं। तीनों युवक आदतन चोर ही हैं, इनके द्वारा की गई पुरानी घटनाओं की भी अब पुलिस फिर से जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक तीनों नशे के आदी हैं, महंगे फोन और घूमने-फिरने में चोरी की रकम उड़ाया करते हैं। फिलहाल अब ये पुलिस हिरासत में हैं, पुलिस को पता चला है कि इन युवकों ने शुक्रवार की रात कुछ और दुकानों में भी चोरी की है, उन प्रकरणों में अब पूछताछ की जा रही है।
