रायपुर. कोरोना महामारी के बीच बार को खोलने की छूट मिलने के बाद अब हाईवे किनारे बंद एफएल-3 बार गुलजार होंगे। पुराने 8 बार संचालकों ने बार खोलने आवेदन किया है। इन्हें लाइसेंस देने की प्रक्रिया शुरू हो गई है हालांकि इस साल शहर में संचालित 11 बार मालिकों ने संचालन से हाथ पीछे खींच लिया है। अब तक उन्होंने बार रीन्यू कराने आवेदन भी नहीं किया है। संचालकों का तर्क है, काेरोना महामारी में 5 महीने बार-रेस्टोरेंट बंद थे। अब खोलने की छूट मिली है, लेकिन 7 महीने में लाखों रुपए की लाइसेंस फीस देना है। इतने कम समय में लाइसेंस फीस निकाल पाना बेहद मुश्किल है। अफसरों के मुताबिक राजधानी में वित्तीय वर्ष 2019-20 में कुल करीब 49 एफएल-3 बार संचालित थे। मार्च में लाइसेंस रीन्यू की प्रक्रिया पूरी होनी थी, लेकिन कोरोना के चक्कर में रुक गई थी। अब लाइसेंस रीन्यू की प्रक्रिया शुरू होने पर करीब 38 बार संचालकों ने रीन्यू कराया है। इन्होंने सात महीने का कुल 14 लाख रुपए लाइसेंस फीस जमा किया है।
