राजनांदगांव गढ़चिरौली में नई खुली पुलिस चौकी पर हमले की योजना से नक्सली पहुंचे थे। लेकिन समय रहते पुलिस को इसकी सूचना मिली गई। जिसके बाद फोर्स ने नक्सलियों को घेर लिया। करीब घंटेभर चली मुठभेड़ के बाद नक्सली जंगल के रास्तों से भाग निकले हैं।
गढ़चिरौली पुलिस ने बताया कि कांकेर-नारायणपुर- गढ़चिरौली के ट्राई जंक्शन में वांगेतुरी और गार्डेवाड़ा में नई पुलिस चौकियां खोली गई है। बुधवार की शाम इसी जगह पर बड़ी संख्या में हथियारों से लैस नक्सली जुटे हुए थे। चौकी से करीब 7 किमी. दूर नक्सली हमले के लिए योजना बना रहे थे, जिसकी सूचना पुलिस को मिली। इसके बाद गढ़चिरौली की सी-60 की चार टीमों को मौके के लिए रवाना किया गया। फोर्स को देखते हुए शाम करीब 7 बजे नक्सलियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। फोर्स ने भी नक्सलियों पर जवाबी कार्रवाई की। करीब घंटेभर तक दोनों ओर से चली फायरिंग के बाद नक्सली जंगल के रास्तों का फायदा उठाकर भाग निकले। फोर्स ने आसपास के हिस्से में सर्चिंग की जिसमें पिट्ठू, विस्फोटक सामग्री, तार बंडल, आईईडी बैटरी, डेटोनेटर, क्लेमोर माइंस के हुक, सोलर पैनल सहित नक्सली सामग्री बरामद की गई है।
