डोंगरगढ़ पतंजलि योगपीठ के तत्वावधान में एक दिवसीय इंटीग्रेटेड योग शिविर का आयोजन माई की नगरी में किया गया। योग ऋ षि स्वामी रामदेव महाराज के विशिष्ट शिष्य स्वामी परमार्थ देव जो पतंजलि योगपीठ हरिद्वार के मुख्य केंद्रीय प्रभारी हैं का आगमन माई की नगरी में हुआ।
इस दौरान उन्होंने सुबह 6 से 8 बजे तक 2 घंटे स्वामी परमार्थ देव ने हृदय रोग, मधुमेह, ब्लड प्रेशर, साइटिका, कब्ज, सर्वाइकल जैसे असाध्य रोग को दूर करने योग्य के गुर सिखाए। वहीं दैनिक जीवन में योग के लाभ और स्वस्थ शरीर स्वस्थ मन की सारगर्भित व्याख्या की। बताया कि स्वस्थ जीवन के लिए योग कितना आवश्यक है। भारत माता के स्वाभिमान को जगाने बाबा रामदेव के अभियान को आगे बढ़ाने में योग शिविरों का अत्यंत महत्व है। मां बम्लेश्वरी मंदिर छीरपानी प्रांगण में हुए इस आयोजन में सुबह 5 बजे से ही भीड़ लग गई थी। अविभाजित राजनांदगांव जिले के साथ कवर्धा, दुर्ग,रायपुर, बिलासपुर, बालोद, महासमुंद से भी योग साधक इस शिविर में भाग लेने पहुंचे थे।
शिविर में पहुंचे परमार्थ देव का स्वागत तहसील योग प्रभारी संतोष टेमरे, मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष मनोज अग्रवाल, उपाध्यक्ष अनिल गट्टानी, सेवानिवृत स्टेशन मास्टर विश्वनाथ यादव, पूर्व विधायक विनोद खांडेकर,दुर्ग के प्रभारी जयंत भारती, राजनांदगांव के हेमंत तिवारी, छत्तीसगढ़ के प्रभारी संजय अग्रवाल, गंगा दीदी जय दीदी डॉक्टर मनोज पाणिग्रही,विश्व जागृति मिशन के संयोजक गोपाल खेमुका, योगाचार्य डीसी येडे, हेमंत साहू, महेंद्र अग्रवाल, छेदुलाल अग्रवाल, रजनी भाटिया,देवेंद्र साखरे सहित बड़ी संख्या में योग साधकों ने किया। आइटीबीपी के जवान, छात्र भी शामिल हुए।
