राजनांदगांव। कोरोना वायरस के चलते शिक्षा संस्थान बंद है। हालांकि कक्षाओं का संचालन ऑन लाईन पढ़ाई पढ़ई तुंहर दुआर के माध्यम से लिया जा रहा है। परंतु बहुत से बच्चे स्मार्ट फोन की कमी व नेट की समस्या के कारण ऑन लाईन पढ़ाई से जुड़े नहीं पा रहे है। ग्राम तिलईभाठ विकासखंड खैरागढ़ में शाला प्रबंधन समिति व पालकों से संपर्क के बाद सभी बच्चों को शिक्षा से जोड़े रखने के लिए मोहल्ला कक्षाओं की शुरूआत की गई। शासकीय प्राथमिक शाला तिलईभाठ की शिक्षिका श्रीमती माला गौतम, शाला प्रबंध समिति के शिक्षाविद् भीमसेन टंडन, अध्यक्ष राजेन्द्र साहू द्वारा गांव के युवक-युवतियों से संपर्क कर उन्हें मोहल्ला कक्षाओं की जानकारी दी। इसमें ग्यारह शिक्षा सारथी भीम सेन टंडन, तामेश्वरी पटेल, प्रीति टंडन, योगिता टंडन, सपना टंडन, धनमत पटेल, ललिता साहू, नीलम कौशिक, दीपिका वर्मा, दिनेश पटेल व भूपेन्द्र साहू ने स्वेच्छा से विद्यादान के लिए सहमति दी। मोहल्ला कक्षाओं का अवलोकन व उद्घाटन खैरागढ़ बीआरसी भगत सिंह ठाकुर व संकुल समन्वयक ठेलकाडीह मनसुख लाल वर्मा द्वारा मां शारदे के चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलित किया गया व शिक्षा सारथी तामेश्वरी पटेल ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत किया। हाथ धुलाई, मॉस्क व सामाजिक दूरी रखते हुए बच्चों को मनोरंजक तरीके से शिक्षा से जोड़े रखने की बात बीआरसी भगत सिंह ठाकुर ने शिक्षा सारथियों से कही व उनका मनोबल बढ़ाया। इस अवसर पर राजनांदगांव ब्लॉक से प्राथमिक शाला खैरा की शिक्षिका तरूणा मेश्राम व शिक्षा प्रबंध समिति के सदस्य उपस्थित थे। समन्वयक ने जानकारी दी कि इस दौरान संकुल के सभी बच्चों को निःशुल्क पाठ्य-पुस्तक व सुखा राशन का वितरण घर-घर जाकर किया जाना है।
