महिला कांग्रेस की कार्यकारिणी से गायब हुआ वरिष्ठों का नाम
निगम कर्मचारी को मिली सचिव की जिम्मेदारी
राजनांदगांव. छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार आने के बाद कई वरिष्ठों को दर किनार करने की राजनीति देखने को मिल रही है. कहीं ना कहीं ऐसा लग रहा है कि सत्ता आने के बाद कांग्रेस में गुटबाजी ज्यादा हावी होती नजर आ रही है. जिसका साक्षात उदाहरण राजनांदगांव में देखने को मिल रहा है. कल राजनांदगांव महिला कांग्रेस की कार्यकारिणी का विस्तार किया गया. जिसमें कई वरिष्ठों को दरकिनार कर दिया गया है. वहीं निगम की एक महिला कर्मचारी को सचिव बना दिया गया है.
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार महिला कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी का विस्तार अध्यक्ष रोशनी सिन्हा द्वारा किया गया है. जिसमें राजनांदगांव के तीन वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री करूणा शुक्ला, हेमा देशमुख और अल्का मुदलियार को विशेष आमंत्रित सदस्य में रखा ही नही गया है. जबकि करूणा शुक्ला राजनांदगांव की सेडो विधायक के साथ- साथ राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त है. राजनांदगांव की महिला महापौर जो प्रथम नागरिक की श्रेणी में आती है. वहीं शहीद उदय मुदलियार की धर्मपत्नी और राजनांदगांव से विधानसभा चुनाव लड़ चुकी अल्का मुदलियार को भी नहीं लेना इस बात को साबित करता है कि सत्ता में आने के बाद कांग्रेस में गुटबाजी खुलकर देखने को मिल रही है. वहीं जो सूची जारी की गई है, उसमें एक नाम बबीता कुलदीप का है, जिसे सचिव बनाया गया है. जो नगर निगम में सफाई कर्मचारी के रूप में कार्य कर ही है. इस संबंध में जब महिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष रोशनी सिन्हा से उनके मोबाइल नं. 7987366626 पर बात करने की कोशिश की गई. लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो पाया.
