संगठित होकर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने की अपील की गई
अम्बागढ़़ चौकी। आदिवासी समाज द्वारा रविवार 9 अगस्त को गोड़वाना भवन अम्बागढ़ चौकी में सामाजिक दूरी का पालन करते हुए विश्व आदिवासी दिवस समारोह मनाया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य बिरेन्द्र मसिया, गोड़वाना समाज के युवा प्रभाग के संभागीय अध्यक्ष एवं जनसंपर्क अधिकारी जगदलपुर चंद्रेश ठाकुर, गोड़वाना समाज के तहसील अध्यक्ष संत कुमार नेताम, नायब तहसीलदार परमेश्वर मंडावी, कंवर समाज के ब्लॉक अध्यक्ष अजीत चंद्रवंशी, पीआर नायक, सोहन मंडावी, डॉ. बिहारीलाल मरकाम, जगेश्वर उसेड़ी, अरविंद गोटे, सुरेन्द्र घावड़े एवं अन्य समाज प्रमुखगण उपस्थित थे। इस अवसर पर समाज प्रमुखों ने आदिवासी समाज के लोगों को संगठित होकर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने की अपील की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत सदस्य बिरेन्द्र मसिया ने कार्यक्रम के उद्देश्यों के संबंध में विस्तार पूर्वक जानकारी दी। युवा प्रभाग के संभागीय अध्यक्ष चंद्रेश ठाकुर ने संगठन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए समाज के उत्थान में समाज के सभी वर्गों के लोगों को सक्रिय भागीदारी निभाने को कहा। उन्होंने समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद लोगों के मदद हेतु हर समय तत्पर रहने की अपील भी समाज के लोगों से की। तहसील अध्यक्ष संतकुमार नेताम ने समााजिक चुनौतियों पर प्रकाश डालते हुए संगठित होकर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने की अपील की। नायब तहसीलदार परमेश्वर मंडावी ने शिक्षा को समाज के विकास के लिए सबसे महत्वपूर्ण अस्त्र बताया।
इस अवसर पर अन्य समाज प्रमुखों ने भी अपना विचार व्यक्त किया। कार्यक्रम में समाज प्रमुखों द्वारा नायब तहसीलदार मंडावी को राज्यपाल के नाम से समाज की ओर से मांग एवं प्रतिवेदन भी प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में रमेश आचला, गुलशन सलामे, प्रकाश नेताम, राकेश नेताम, अमित मंडावी, कुलदीप मेरावी, रितेश नेताम, चंपेश्वर कोर्वते सहित समाज प्रमुखगण उपस्थित थे।
