राजनांदगांव रेलवे ने नए साल की शुरुआत में ही 11 ट्रेनों को कैंसिल कर सैर सपाटे की प्लानिंग करने वाले यात्रियों की प्लानिंग पर पानी फेर दिया है। देश के विभिन्न राज्यों में स्थित धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों की सैर करने यह मौसम अनुकूल होता है। यात्री 25 दिसंबर से लगने वाले शीतकालीन अवकाश एवं एक जनवरी को नए साल का जश्न बाहर जाकर मनाने प्लानिंग करते हैं। जनवरी की शुरुआत में यात्रा करने वाले यात्री रिजर्वेशन कराने पहुंच रहे थे लेकिन ट्रेनें कैंसिल होने से अब दूसरा विकल्प तलाश रहे हैं।
गाड़ी संख्या 22648 कोचुवेली कोरबा एक्सप्रेस 1 जनवरी को कैंसिल रहेगी। गाड़ी संख्या 22619 बिलासपुर -तिरुनेलवेली एक्सप्रेस 2 और 9 जनवरी को, गाड़ी संख्या 22647 कोरबा-कोचुवेली एक्सप्रेस 3 जनवरी को, गाड़ी 22620 तिरुनेलवेली से बिलासपुर एक्सप्रेस 31 दिसंबर और 7 जनवरी को कैंसिल रहेगी। गाड़ी 12251 यशवंतपुर-कोरबा एक्सप्रेस 1 एवं 14 जनवरी को कैंसिल रहेगी। गाड़ी संख्या 12252 कोरबा-यशवंतपुर एक्सप्रेस 11 और 14 जनवरी को कैंसिल रहेगी। गाड़ी संख्या 07051 हैदराबाद रक्सौल स्पेशल एक्सप्रेस 30 दिसंबर और 6 व 13 जनवरी को कैंसिल रहेगी। गाड़ी संख्या 07052 रक्सौल सिकंदराबाद स्पेशल एक्सप्रेस 2, 9 व 16 जनवरी को कैंसिल रहेगी। गाड़ी संख्या 03253 पटना-सिकंदराबाद स्पेशल एक्सप्रेस 1, 3 और 8 व 10 जनवरी को कैंसिल रहेगी। सिकंदराबाद से प्रारंभ होने वाली सिकंदराबाद-पटना स्पेशल एक्सप्रेस 5 और 12 जनवरी को कैंसिल रहेगी।
ट्रेनों की लेटलतीफी के कारण यात्री परेशान: ट्रेनों की लेटलतीफी से भी यात्री परेशान हैं। रविवार को रायपुर की दिशा में जाने वाली छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस करीब ढाई घंटे विलंब से पहुंची। जेडी 1 घंटे, इंटरसिटी सवा घंटे, गोंडवाना डेढ़ घंटे, आजादहिंद एक्सप्रेस पौने घंटे विलंबे से पहुंची थी। गोंदिया की दिशा में मुंबई एलटीटी 4 घंटे, आजादहिंद 4 घंटे, इतवारी एक्सप्रेस 2 घंटे, बरौनी एक्सप्रेस साढ़े तीन घंटे, छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस डेढ़ घंटे, इंटरसिटी आधे घंटे विलंब से पहुंची। वहीं 22 दिसंबर को करीब आधा दर्जन ट्रेनें स्थानीय स्टेशन में 6 से 8 घंटे विलंब से पहुंची थी।
3 जनवरी तक वापसी करने वालों को कोई दिक्कत नहीं दक्षिण मध्य रेलवे के बल्लार शाह सेक्शन में 1 से 13 जनवरी तक तीसरी लाइन का काम चलेगा। इस कारण स्थानीय स्टेशन से होकर केरल, पटना और हैदराबाद की दिशा में जाने वाली 11 ट्रेनें 13 दिनों के बीच अलग-अलग तिथियों में कैंसिल रहेगी। सैर-सपाटा कर 3 जनवरी तक वापसी करने वाले यात्रियों को दिक्कतें नहीं होगी।
