बालोद मिचौंग तूफान कमजोर होने के साथ शुक्रवार को बारिश का दौर थमने के बाद अधिकतम तापमान 24 डिग्री व न्यूनतम तापमान 17 डिग्री रहा। गुरुवार की तुलना में अधिकतम तापमान दो डिग्री ज्यादा रहा। जबकि न्यूनतम तापमान दो डिग्री कम रहा। सुबह 8 बजे तक शहर सहित गांवों में कोहरा छाया रहा।
बादलों की वजह से दोपहर 12 बजे तक धूप नहीं खिलने की वजह से लोगों को ठंड का अहसास हुआ। दोपहर एक बजे के बाद धूप खिली। जिसके बाद देर शाम तक धूप-छांव का सिलसिला जारी रहा। मौसम विभाग के अनुसार मिचौंग तूफान अब कमजोर हो चुका है। इस वजह से अगले एक सप्ताह तक बारिश होने के आसार नहीं है। हालांकि दूसरे मौसम सिस्टम के प्रभाव से धूप के बीच बादल छाए रहने का अनुमान है। अधिकांश समय के लिए मौसम साफ रहेगा। मिचौंग तूफान कमजोर होने के पहले गुरुवार रात बालोद, गुंडरदेही, डौंडी में 0.8 मिमी बारिश हुई। बाकी स्थानों में बूंदाबांदी हुई, बादल छाए रहे।
मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि चक्रवाती तूफान कमजोर हो चुका है इसलिए अधिकांश समय तक बादल छाए रहने व बारिश होने के आसार नहीं है। कुछ दिन तक सुबह कोहरा छाए रहने की संभावना है। अब तक एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण दक्षिण छत्तीसगढ़ और उससे लगे विदर्भ के ऊपर 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। वहीं एक पश्चिमी विक्षोभ चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण के रूप में हरियाणा और उसके आसपास 1.5 किलोमीटर से 4.5 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है।
