रायपुर- कोरोनाकाल ने छत्तीसगढ़ में पर्व की सार्वजनिक खुशियों पर ब्रेक लगा दिया है। मुस्लिम समुदाय शनिवार को ईद-उल-अजहा (बकरीद) का त्यौहार तो मना रहा है, लेकिन इस बार नमाज घर में हो रही है। संक्रमण को देखते हुए सरकार ने मस्जिदों में नमाज अदा करने पर रोक लगा दी है। वहीं, कुर्बानी के लिए भी कोई छूट नहीं दी गई है।
दूसरी ओर किराना दुकानें खोलने के लिए मिली चार दिन की छूट भी सुबह 10 बजे खत्म हो गई। अब दुकानें 6 अगस्त यानी लॉकडाउन के बाद ही खुलेंगी। इस दौरान केवल फल-सब्जी, नॉनवेज, दूध, दवाई की दुकानें और पेट्रोल पंप व गैस एजेंसी ही खुलेंगे। वहीं, बढ़ते संक्रमण को देखते हुए दवा की थोक दुकानें भी 3 अगस्त तक बंद कर दी गई हैं।
प्रशासन ने राशन दुकानों को भी 6 अगस्त तक बंद रखने का आदेश दिया है। इसके बावजूद दुकानदार राशन देने की ऑनलाइन एंट्री कर रहे हैं। अवकाश के दिनों में राशन का आवंटन कैसे किया जा रहा है, इसे लेकर प्रशासन भी सख्त हो गया है। खाद्य विभाग के अफसरों ने बताया कि ऐसे दुकानदारों पर कार्रवाई तय है।
