सोसाइटियों में रिकॉर्ड तोड़ धान खरीदी हुई
चक्रवाती तूफान मिचौंग के असर से मंगलवार को सुबह से ही नगर सहित पूरे क्षेत्र में बूंदाबादी एवं हल्की बारिश होती रही। मौसम में हुए बदलाव के चलते एक सप्ताह के अंदर दूसरी बार धान खरीदी केन्द्रों में धान खरीदी बंद रही। अचानक बारिश के चलते धान की कटाई व मिंजाई में जुटे किसान पूरे दिन खासा परेशान रहे।
सोमवार से ही आसमान में बादल छाए रहे। शाम को हल्की बूंदाबादी हुई, लेकिन मंगलवार सुबह से ही हल्की बारिश शुरू हो गई। दिनभर आसमान में बदली छाई रही। सर्द हवाओं के चलते लोग सुबह से ही गर्म कपड़ों में नजर आए। जबकि मौसम की मार से बचने सीनियर सिटीजन अलाव का सहारा लेते भी दिखे। मौसम में हुए बदलाव के चलते इस सीजन में दूसरी बार धान खरीदी रुक गई है। सोमवार को जहां सोसाइटी कर्मचारियों के हड़ताल के चलते धान खरीदी बंद रही तो मंगलवार को सुबह से हो रही हल्की बारिश के चलते सहकारी समितियों को धान खरीदी रोकना पड़ गया। जिन किसानों को सोमवार व मंगलवार को धान बेचने का टोकन मिला हुआ था वे पूरे दिन सोसाइटी का चक्कर लगाते रहे।
अगली तिथि का इंतजार मालडोंगरी के किसान अमरदास नेताम, कौडूटोला के गौरीशंकर गुरले, चिखली के पवन ठाकुर ने बताया कि उसे सोमवार का टोेकन मिला था लेकिन सोमवार को हड़ताल के चलते उसे सोसायटी से बैरंग लौटना पड़ा। जबकि बारिश से मंगलवार को भी उसका धान मंडी में बिक नहीं पाया। अब अगली तिथि का इंतजार है।
धान का उठाव करने पत्र लिखा गया है: प्रबंधक जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक प्रबंधक संतोश कुमार शर्मा ने बताया कि बारिश के चलते मंगलवार को ब्लाक के सभी सोसायटियों में धान खरीदी बंद रही। धान के उठाव के लिए शीर्ष अधिकारियों को पत्र लिखा गया है।
विकासखंड में इस वर्ष भी कुल 11 धान खरीदी केन्द्रों में धान खरीदी हो रही है। पिछले एक महीने ब्लाक की सभी सोसाइटी अंबागढ़ चौकी, आतरगांव, आडेझार, आमाटोला, बांधाबाजार, छछानपाहरी, चिल्हाटी, परसाटोला, कौड़ीकसा, रेंगाकठेरा, विचारपुर में बफर लिमिट से कही अधिक धान खरीदी हो गई है। आश्चर्य है िक एक महीने से जारी धान खरीदी के बाद भी इक्का-दुक्का केन्द्रों को छोड़ दें किसी भी सोसाइटी से धान का उठाव नहीं हुआ है। धान का उठाव व परिवहन शुरू नहीं होने से केन्द्रों में अव्यवस्था का आलम है। सहकारी समिति महीने भर की खरीदी से लबालब हो गए हैं। धान का उठाव नहीं होने से सोसाइटी कर्मचारियों के साथ साथ मंडी में धान बेचने के लिए पहुंचने वाले अन्नदाताओं को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। चौकी सोसाइटी के प्रबंधक रामकिशोर बंसोड ने बताया कि धान का उठाव नहीं होने से सभी केन्द्रों के कर्मचारियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
