रायपुर- छत्तीसगढ़ में कोरोना संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ते जा रहे हैं। हॉट स्पॉट बने रायपुर में संक्रमित मरीजों के आंकड़ों ने रिकॉर्ड तोड़ दिया है। ऐसे में सरकार ने 23 जुलाई से 15 दिन का लॉकडाउन किया है। इस दौरान बुधवार सुबह छूट मिलते ही दुकानों के बाहर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी है। कई स्थानों पर लोग सुबह से लाइन लगाए हैं तो मुख्य बाजारों में सोशल डिस्टेंसिंग ध्वस्त हो चुकी है।
दरअसल, सरकार की ओर से बकरीद और रक्षाबंधन के पर्व को देखते हुए 29 और 30 जुलाई को 4 घंटे की छूट दी है। इस दौरान सुबह 6 बजे से 10 बजे तक किराना दुकानें खुलेंगी। बुधवार को डीडी नगर स्थित डी-मार्ट खुलने से पहले ही सुबह 5.30 बजे से लोगों की लाइन लग गई। ऐसा पहली बार हुआ कि जब कैंपस में चार टुकड़ों में लाइन लगवाई गई है।
रायपुर स्थित गोल बाजार समेत अन्य किराना दुकानों पर भी लोगों की भारी भीड़ लग गई है। शहर की सड़कों पर कई जगह जाम के हालात हैं। मुख्य बाजारों में भीड़ के चलते कोविड-19 को लेकर बनाए गए नियम दरकिनार हो गए हैं। लोग मास्क तो लगाए हैं, लेकिन सोशल डिस्टेंसिंग खत्म हो गई है। दुकानों के बाहर भी जाम लग गया है।
