कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने ली वार्ड निरीक्षण अधिकारियों की बैठक
निर्धारित मूल्य से अधिक मूल्य में सामान बेचने पर होगी कार्रवाई
राजनांदगांव 28 जुलाई 2020। कलेक्टर टोपेश्वर वर्मा एवं पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र शुक्ला ने लॉकडाउन के दौरान वार्ड निरीक्षण में ड्यूटी करने वाले अधिकारियों के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने मास्क नहीं लगाने वाले और प्रतिबंधित दुकाने खोलने पर की जाने वाली कार्रवाई के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर वर्मा ने कहा कि जिले में कोविड-19 के मरीज लगातार बढ़ रहे हैं। ऐसी स्थिति में लापरवाही से ज्यादा लोग संक्रमित हो सकते है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वार्डों के निरीक्षण के दौरान मास्क नहीं लगाने वालों पर अर्थदण्ड की कार्रवाई करें। ऐसे दुकान जो प्रतिबंधित है फिर भी खुल रहे है। उन दुकानों को सील करने के निर्देश दिए। कलेक्टर वर्मा ने कहा कि त्यौहार का सीजन आ रहा है। त्यौहार में मिठाई दुकानों में भीड़ नहीं होनी चाहिए। दुकानदारों को प्रोटोकाल का पालन करना अनिवार्य होगा। सामान लेने वाले तथा दुकानदारों को मास्क लगाना तथा सोशल डिस्टेसिंग का पालन करना होगा। उन्होंने कहा कि किसी भी कार्यालय में बिना मास्क लगाए प्रवेश नहीं दिया जाए। वहां के अधिकारी और कर्मचारियों को मास्क लगाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि वार्ड निरीक्षण के लिए उच्च अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। सभी जिम्मेदारी पूर्वक कार्य करें। प्रोटोकाल का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई करें। कलेक्टर वर्मा ने कहा कि निर्धारित मूल्य से अधिक मूल्य में सामान बेचने वालों पर भी नजर रखी जाए। शिकायत मिलने पर उन दुकानों पर कार्रवाई करें।
पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र शुक्ला ने कहा कि कोविड-19 के प्रोटोकाल का पालन का करना सबका दायित्व है। जनता और प्रशासन को समन्वय के साथ कार्य करना है। बिना मास्क लगाए घर से निकलने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जिन क्षेत्रों में लोग घर के बाहर समूह में बैठे होते है तथा प्रोटोकाल का पालन नहीं करते है, उन क्षेत्रों को चिन्हांकित कर लिया जाए। उन क्षेत्रों में पुलिस टीम के सहयोग से कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जिन जगहों पर लोग अपनी मनमानी करते है, वहां पुलिस कंट्रोल रूम में इसकी सूचना दे। इस क्षेत्र के लिए तत्काल पुलिस सहयोग दिया जाएगा। बैठक में अपर कलेक्टर ओंकार यदु, अपर कलेक्टर हरिकृष्ण शर्मा, अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डे, नगर निगम आयुक्त चंद्रकांत कौशिक, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश चौधरी, एसडीएम राजनांदगांव मुकेश रावटे सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
