स्ट्रांग रूम में विभिन्न आवश्यक सुविधाओं को सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
राजनांदगांव 17 अक्टूबर 2023। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री डोमन सिंह ने विधानसभा निर्वाचन 2023 की तैयारियों के लिए कलेक्टोरेट स्थित वेयर हाउस और कृषि उपज मंडी राजनांदगांव में स्थित स्ट्रांग रूम और मतगणना स्थल का निरीक्षण किया। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री सिंह ने निरीक्षण के दौरान स्ट्रांग रूम परिसर में सीसीटीवी, मत पेटी वितरण केंद्र व मतगणना स्थल तक सुव्यवस्थित पहुंच मार्ग, साफ-सफाई, विद्युत, अग्निरोधक यंत्र, पेयजल, शौचालय की व्यवस्था, ईवीएम और वीवीपैट मशीन की सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके साथ ही उन्होंने बैरीकेटिंग, गाडिय़ों की पार्किंग, पुलिस बल एवं निगरानी के लिए उचित व्यवस्था करने, वितरण तथा गणना के दिन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने सहित अन्य महत्वपूर्ण निर्देश दिए। इस दौरान आयुक्त नगर निगम श्री अभिषेक गुप्ता, उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री खेमलाल वर्मा, डिप्टी कलेक्टर श्री अमीय श्रीवास्तव, सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग श्री राजेश साहू, राजनीतिक दल के प्रतिनिधि श्री रघुवीर वाधवा, श्री अरूण शुक्ला, श्री विजय कुमार सिन्हा सहित अन्य संबंधित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।
क्रमांक-94 ——————-
विधानसभा निर्वाचन 2023
स्वतंत्र, निष्पक्ष तथा शांतिपूर्ण निर्वाचन संपन्न कराने में पीठासीन अधिकारी और मतदान अधिकारी-1 निभाएं अपनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी – कलेक्टर
– मतदान करवाने के साथ अपने मताधिकार का उपयोग भी करना जरूरी
– संगवारी मतदान केन्द्र के लिए महिला अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण
– सभी प्रशिक्षणार्थी ईवीएम और वीवीपैट मशीन की गतिविधियों को स्वयं संचालित कर देखें
– कलेक्टर ने आज सर्वेश्वर दास नगर पालिक निगम उत्कृष्ट अंगे्रजी माध्यम विद्यालय में आयोजित पीठासीन अधिकारी एवं मतदान अधिकारी-1 के प्रशिक्षण कार्यक्रम का किया निरीक्षण
राजनांदगांव 17 अक्टूबर 2023। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री डोमन सिंह ने आज सर्वेश्वर दास नगर पालिक निगम उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय राजनांदगांव में विधानसभा निर्वाचन 2023 के सुगम संचालन के लिए प्रथम चरण अंतर्गत चल रहे प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण किया। जिले के सभी विकासखंडों में पीठासीन अधिकारी और मतदान अधिकारी-1 को सुचारू और शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के लिए प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके साथ ही संगवारी मतदान केन्द्रों के लिए नियुक्त महिला पीठासीन अधिकारी और मतदान अधिकारी-1, दिव्यांग मतदान केन्द्रों के लिए नियुक्त पीठासीन अधिकारी और मतदान अधिकारी-1, युवा मतदान केन्द्र के नियुक्त पीठासीन अधिकारी और मतदान अधिकारी-1 को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि मतदान दल में निर्वाचन कार्य संपन्न कराने नियुक्त पीठासीन अधिकारी एवं मतदान अधिकार-1 गंभीरतापूर्वक अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष तथा शांतिपूर्ण निर्वाचन के लिए यह जरूरी है कि सभी अधिकारी प्रशिक्षण के दौरान बताई गई बातों को ध्यानपूर्वक सुनें एवं अमल में लाएं। उन्होंने सभी प्रशिक्षणार्थियों को ईवीएम और वीवीपैट, बैलेट यूनिट मशीन की गतिविधियों को स्वयं संचालित कर देखने कहा। उन्होंने मास्टर ट्रेनर्स को कहा कि मतदान कराने में होनी वाली समस्याओं एवं उनके समाधान के संबंध में अच्छे से जानकारी दें।
कलेक्टर श्री सिंह ने सभी अधिकारियों को निर्वाचन कार्य में उत्साहपूर्वक भाग लेने कहा। उन्होंने कहा कि पीठासीन अधिकारी और मतदान अधिकारी-1 की नियुक्ति संपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया में एक महत्वपूर्ण स्थान रखती है। स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान के लिए मतदान केन्द्र पर की गई व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ वहां पर नियुक्त कर्मचारियों की निष्पक्षता, सजगता और कार्यकुशलता पर निर्भर करता है। इसके लिए मतदान केन्द्र के प्रमुख अधिकारी के रूप में पीठासीन अधिकारी और मतदान अधिकारी-1 को मतदान की संपूर्ण प्रक्रिया का पूरा ज्ञान होना चाहिए, ताकि वह सहयोगी कर्मचारियों को मार्गदर्शन देने के साथ-साथ कठिन और चुनौतीपूर्ण परिस्थतियों में आत्मविश्वास के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सकें। उन्होंने कहा कि मतदान केन्द्र में सारी व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी पीठासीन अधिकारी और मतदान अधिकारी-1 की होती है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान किसी प्रकार की आशंका होती है तो उसे जरूर प्रश्न करें उसका समाधान किया जाएगा।
कलेक्टर श्री सिंह ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिला अधिकारियों से कहा कि संगवारी मतदान केन्द्रों में महिलाओं की सहभागिता और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए संगवारी मतदान केंद्र तैयार किए गए हैं। संगवारी मतदान केन्द्र पर सुरक्षा से लेकर मतदान कराने तक की जिम्मेदारी महिलाओं को सौंपी गई है। जिसका उद्देश्य महिला सशक्तिकरण है। इसका मुख्य उद्देश्य यह है कि हर महिला को वोट देने का सुखद अनुभव हो। ये उन्हें मतदान केंद्र तक लेकर आने की एक अच्छी पहल है, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया में मतदाताओं की अधिक से अधिक भागीदारी हो सके और मतदान के प्रति महिलाओं का उत्साह बढ़े।
कलेक्टर श्री सिंह ने सभी पीठासीन और मतदान अधिकारियों को पोस्टल बैलेट पेपर प्राप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्य में मतदान करवाने के साथ-साथ अपने मताधिकार का उपयोग भी करना जरूरी है, इसलिए सभी पोस्टल बैलेट पेपर प्राप्त कर लें और पोस्टल बैलेट पेपर के संबंध में पूरी जानकारी सीखने के लिए कहा। उन्होंने सभी अधिकारियों को अपनी जिज्ञासाओं का समाधान करने के लिए कहा ताकि दिक्कत न हो।
उल्लेखनीय है कि जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा विधानसभा निर्वाचन 2023 के तहत मतदान दलों के पीठासीन अधिकारी और मतदान अधिकारी -1 का प्रथम चरण प्रशिक्षण जिले के सभी विकासखंडों में दिया जा रहा है। जिसके अंतर्गत आज 17 अक्टूबर को पीठासीन अधिकारी एवं मतदान अधिकारी-1 को प्रशिक्षण दिया गया। मतदान दलों का प्रथम चरण प्रशिक्षण में सर्वेश्वर दास नगर पालिक निगम उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय राजनांदगांव, स्वामी आत्मानंद शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला डोंगरगढ़, स्वामी आत्मानंद शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला डोंगरगांव और स्वामी आत्मानंद शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला छुरिया में कुल 1078 पीठासीन अधिकारी तथा 1113 मतदान अधिकारी-1 को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। जिसमें से संगवारी मतदान के लिए नियुक्त 172 महिला पीठासीन अधिकारी और 174 मतदान अधिकारी-1 को प्रशिक्षण दिया गया। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी श्री राजेश सिंह, विकासखंड शिक्षा अधिकारी राजनांदगांव एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
क्रमांक-95 ——————-
विधानसभा आम निर्वाचन 2023
– विधानसभा आम निर्वाचन 2023 के प्रथम प्रशिक्षण में कर्मचारियों में दिखा उत्साह
– प्रथम चरण के दो दिवसीय प्रशिक्षण में 2191 पीठासीन अधिकारी और मतदान अधिकारी -1 ने प्राप्त किया प्रशिक्षण
– द्वितीय चरण का प्रशिक्षण 30, 31 अक्टूबर एवं 01 नवंबर को जिले के सभी विकासखंड मुख्यालय में दिया जायेगा
राजनांदगांव 17 अक्टूबर 2023। विधानसभा आम निर्वाचन 2023 के अन्तर्गत कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री डोमन सिंह के मार्गदर्शन एवं सीईओ जिला पंचायत एवं नोडल अधिकारी मतदान दल गठन श्री अमित कुमार के निर्देशन में मतदान दल गठन कर जिले के 4 विधानसभा क्षेत्र में 16 अक्टूबर एवं 17 अक्टूबर 2023 को विकासखण्ड मुख्यालयों के स्वामी आत्मानंद शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला सर्वेश्वरदास राजनांदगांव, स्वामी आत्मानंद शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला डोंगरगढ़, स्वामी आत्मानंद शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला डोंगरगांव, स्वामी आत्मानंद शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला छुरिया में प्रशिक्षण आयोजित किया गया। जिसमें पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारी क्रमांक-1, संगवारी बूथ, युवा बूथ तथा दिव्यांग बूथ के लिए गठित मतदान कर्मियों द्वारा प्रशिक्षण प्राप्त किया गया। दो दिवसीय आयोजित प्रशिक्षण में कुल 2191 मतदान कर्मचारियों द्वारा प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रशिक्षण में मतदान कर्मियों एवं कर्मचारियों द्वारा प्रशिक्षण के संबंध में उत्साह व संतोष व्यक्त किया गया। मतदान कर्मियों का द्वितीय चरण का प्रशिक्षण 30, 31 अक्टूबर एवं 1 नवम्बर को आयोजित किया जाएगा।
क्रमांक- 96 ——————-
