उज्जैन उत्तर से विधायक पारस जैन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें वह जिम में जमकर पसीना बहाते और खुद को तंदुरुस्त बताते दिखाई दे रहे हैं। कुछ लोग इस प्रकार का प्रचार कर रहे हैं कि उज्जैन उत्तर के विधायक बीमार हैं, मैं आपके माध्यम से बताना चाहता हूं कि मैं बीमार नहीं तंदरुस्त व फिट हूं। पार्टी मुझे टिकट देती है तो जिस प्रकार से पिछले विधानसभा चुनाव में, मैं 25000 वोटों से जीता था इस बार भी इससे ज्यादा वोटों से जीतकर भाजपा की झोली में यह सीट डालूंगा। यह कहना है उज्जैन उत्तर के विधायक पारस जैन का जो की विधानसभा चुनाव 2023 के चुनावी दंगल के लिए भी फिर से तैयार हैं। भारतीय जनता पार्टी ने चार सूचियों के माध्यम से मध्यप्रदेश में विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं और जल्द ही भारतीय जनता पार्टी की पांचवी सूची भी जारी होने वाली है, लेकिन इस बीच उज्जैन उत्तर से विधायक पारस जैन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें वह जिम में जमकर पसीना बहाते और खुद को तंदुरुस्त बताते दिखाई दे रहे हैं। विधायक पारस जैन के इस वीडियो को लेकर जब उनसे चर्चा की गई तो उनका कहना था कि उज्जैन उत्तर से में वर्ष 1990, 1993, 2003, 2008, 2013, 2018 से विधायक हूं। इस बार भारतीय जनता पार्टी के कुछ दावेदार मुझे अस्वस्थ बताकर मेरी टिकट कटवाने की जुगत में लगे हुए हैं, लेकिन ऐसा कुछ नहीं है ना तो मेरी तबीयत खराब है और ना ही मैं अस्वस्थ और बीमार हूं। मैं तो पूरी तरफ फिट हूं। मेरी अस्वस्थता को लेकर सोशल मीडिया पर जो भी खबरें चल रही है वह निराधार हैं।
