भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने राज्य प्रमुखों और प्रभारियों को पत्र लिखकर अनुच्छेद 370 हटाने और तीन तलाक विधेयक के पारित होने के एक साल पूरा होने पर इवेंट के आयोजन का प्रस्ताव रखा है। मोदी सरकार ने 5 अगस्त 2019 को जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 और 35 A को हटा दिया था। 5 अगस्त 2020 को इसकी पहली वर्षगांठ मनाई जाएगी। हालांकि इस साल भी 5 अगस्त की तारीख ऐतिहासिक बनने जा रही है क्योंकि इसी दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अयोध्या के राम मंदिर के लिए नींव डालेंगे और निर्माण का शुभारंभ किया जाएगा।
अनुच्छेद 370 खत्म होने और तीन तलाक विधेयक के कानूनी जामा पहनने के एक वर्ष पूरा होने पर भाजपा देशभर में कई कार्यक्रमों का आयोजन करेगी। पार्टी 28 जुलाई से तीन अगस्त ‘एक भारत एकात्म भारत’ अभियान चलाएगी। इसके लिए पार्टी नेतृत्व ने राज्य इकाईयों को वर्चुअल रैलियां सहित अन्य कार्यक्रम करने का निर्देश दिया है। इसके अलावा पार्टी राष्ट्रीय स्तर पर भी एक वर्चुअल रैली करेगी। बीते साल पांच अगस्त को न सिर्फ अनुच्छेद 370 खत्म हुआ था, बल्कि जम्मू-कश्मीर दो केंद्र शासित प्रदेशों में तब्दील हो गया था।
भाजपा महासचिव अरुण सिंह की ओर से जारी पत्र में राज्य इकाईयों से कहा गया है कि सभी बड़े राज्य एक-एक रैली, पांच-पांच वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से लोगों से संपर्क साधें। बुद्धिजीवियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और समाज की विभिन्न हस्तियों से बातचीत करें। जिला स्तर पर 50-50 खास लोगों के समूहों से जुड़ें। तीन अगस्त को राज्यों की राजधानियों में प्रेस कॉन्फ्रेंस करें। इस दौरान लोगों से केंद्र की उपलब्धियों और विकास कार्यों की चर्चा का भी निर्देश दिया गया है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख पर नजर
इस संबंध में पार्टी ने केंद्रशासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के लिए अलग योजना बनाई है। दोनों राज्यों में पांच अगस्त को कई तरह के कार्यक्रम किए जाएंगे। इस दौरान जम्मू, श्रीनगर और लद्दाख में पार्टी के राष्ट्रीय स्तर का एक नेता मौजूद रहेगा। इन राज्यों में होने वाले कार्यक्रमों में अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद हुए विकास कार्यों के अलावा अन्य उपलब्धियों की चर्चा की जाएगी।
